यूपी चुनाव से पहले 52 नेताओं की सुरक्षा बढ़ी, अखिलेश-मायावती और अपर्णा यादव को भी मिली बुलेट प्रूफ जैकेट

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले नेताओं की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव, बसपा सुप्रीमो मायावती, कैबिनेट मंत्री संजय निषाद और अपर्णा यादव समेत 52 नेताओं को बुलेट प्रूफ जैकेट उपलब्ध कराई गई है। इन नेताओं में 11 कैबिनेट मंत्री भी शामिल हैं।

प्रदेश में पहली बार अलग-अलग सुरक्षा श्रेणियों में शामिल इतने बड़े स्तर पर नेताओं को बुलेट प्रूफ जैकेट उपलब्ध कराई गई है। इनमें वाई से लेकर जेड प्लस तक की सुरक्षा प्राप्त नेता शामिल हैं। सरकार ने यह कदम नेताओं की सुरक्षा और उनके सामने संभावित खतरे के आकलन के आधार पर उठाया है।

सूत्रों के मुताबिक, गृह मंत्रालय की सलाह के बाद नेताओं की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई थी। इसके बाद बुलेट प्रूफ जैकेट उपलब्ध कराने का फैसला लिया गया। सूची में भारतीय जनता पार्टी और उसके सहयोगी दलों के नेताओं के साथ समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी के नेता भी शामिल हैं।

जिन प्रमुख नेताओं को बुलेट प्रूफ जैकेट उपलब्ध कराई गई है, उनमें सपा प्रमुख अखिलेश यादव, बसपा प्रमुख मायावती, कैबिनेट मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी, निषाद पार्टी के अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री संजय निषाद, रामपुर के विधायक आकाश सक्सेना तथा राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव समेत कई अन्य नेता शामिल हैं।

मौजूदा सुरक्षा के अतिरिक्त होगी बुलेट प्रूफ जैकेट

बुलेट प्रूफ जैकेट नेताओं को पहले से मिली सुरक्षा व्यवस्था का विकल्प नहीं होगी, बल्कि अतिरिक्त सुरक्षा उपाय के तौर पर उपलब्ध कराई गई है। सुरक्षा प्राप्त नेताओं को उनकी निर्धारित श्रेणी के अनुसार पहले से सुरक्षा मिल रही है। अब खतरे की आशंका और सुरक्षा जरूरतों को ध्यान में रखते हुए जैकेट भी उपलब्ध कराई गई है।

सुरक्षा श्रेणी किसी व्यक्ति के सामने मौजूद खतरे के आकलन के आधार पर तय की जाती है। सक्षम स्तर पर निर्णय के बाद सुरक्षा श्रेणी में बदलाव भी किया जा सकता है। इस बार वाई से लेकर जेड श्रेणी तक की सुरक्षा प्राप्त नेताओं को बुलेट प्रूफ जैकेट उपलब्ध कराई गई है।

चुनाव से पहले सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा

2027 विधानसभा चुनाव के दौरान राजनीतिक दलों के नेताओं की रैलियां, जनसभाएं, रोड शो और अन्य सार्वजनिक कार्यक्रम बढ़ने की संभावना है। ऐसे आयोजनों में नेताओं की सुरक्षा के साथ बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती भी सुरक्षा एजेंसियों के लिए चुनौती होगी।

सूत्रों के अनुसार, गृह मंत्रालय की सलाह के बाद राज्य सरकार ने नेताओं की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। इसके बाद सुरक्षा मुख्यालय ने चिह्नित 52 नेताओं को बुलेट प्रूफ जैकेट उपलब्ध कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई। सूची में भाजपा और उसके सहयोगी दलों के अलावा सपा और बसपा के नेताओं को शामिल किया गया है। नेताओं का चयन उनकी सुरक्षा जरूरत और खतरे की आशंका के आधार पर किए जाने की बात सामने आई है।

 

Related posts