भोपाल: नेपाल में आई भीषण प्राकृतिक आपदा के बीच मध्य प्रदेश के कई नागरिकों के फंसे होने की जानकारी सामने आई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस त्रासदी पर दुख जताते हुए कहा है कि संकट की घड़ी में राज्य सरकार अपने नागरिकों के साथ मजबूती से खड़ी है। सरकार ने प्रभावित लोगों और उनके परिजनों की मदद के लिए जरूरी व्यवस्थाएं शुरू कर दी हैं।
नेपाल में फंसे मध्य प्रदेश के नागरिकों की सहायता के लिए राज्य सरकार ने नई दिल्ली में विशेष नियंत्रण कक्ष स्थापित किया है। इसके जरिए नेपाल में मौजूद प्रदेश के लोगों और उनके परिजनों को जरूरी सहायता और जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
सरकार ने जारी किए संपर्क नंबर
मध्य प्रदेश सरकार ने सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर, व्हाट्सऐप नंबर और ईमेल जारी किए हैं। नेपाल में फंसे नागरिक या उनके परिजन हेल्पलाइन नंबर 011-26772005 और व्हाट्सऐप नंबर 9818963273 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा सहायता के लिए recp1mpbhawan@mp.gov.in पर ईमेल भी किया जा सकता है।
संकट में नागरिकों के साथ खड़ी है सरकार
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेशवासियों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। नेपाल में पैदा हुए हालात के बीच सरकार की कोशिश है कि वहां फंसे मध्य प्रदेश के नागरिकों तक हर संभव मदद पहुंचाई जाए। नियंत्रण कक्ष के माध्यम से स्थिति पर नजर रखते हुए जरूरत के अनुसार सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
