Black Box जला या राज छुपा? बारामती विमान हादसा बना हाई-वोल्टेज मिस्ट्री

गौरव त्रिपाठी
गौरव त्रिपाठी

महाराष्ट्र के बारामती हवाई अड्डे पर हुए लीयरजेट-45 विमान हादसे की जांच अब और जटिल होती जा रही है। इस दुर्घटना में पांच लोगों की मौत हो गई थी। विमान में उस समय राज्य के तत्कालीन उपमुख्यमंत्री पवार भी सवार थे।

अब विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (AAIB) ने खुलासा किया है कि विमान के दोनों स्वतंत्र ब्लैक बॉक्स आग में बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

ब्लैक बॉक्स: डेटा बचा, आवाज़ अटकी

AAIB के अनुसार, डिजिटल फ्लाइट डेटा रिकॉर्डर (DFDR) और कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर (CVR) लंबे समय तक तीव्र गर्मी की चपेट में रहे। DFDR से डेटा सफलतापूर्वक डाउनलोड कर लिया गया है। यह विमान की गति, ऊंचाई, दिशा और तकनीकी पैरामीटर्स रिकॉर्ड करता है। CVR की तकनीकी जांच जारी है।

CVR पायलटों की बातचीत, एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संवाद और कॉकपिट की ध्वनियां रिकॉर्ड करता है यानी हादसे से पहले के आखिरी पलों का सच इसी में छिपा होता है।

ब्लैक बॉक्स का निर्माण एल3-कम्युनिकेशंस ने किया था, जबकि CVR हनीवेल द्वारा निर्मित है। डेटा रिकवरी के लिए निर्माता कंपनियों और संबंधित प्रतिनिधियों से तकनीकी सहयोग मांगा गया है।

आग इतनी भयानक थी या कहानी में ट्विस्ट?

हादसा 28 जनवरी को लैंडिंग के दौरान हुआ। चार्टर कंपनी वीएसआर वेंचर्स द्वारा संचालित विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ और उसमें भीषण आग लग गई। तस्वीरों में विमान का पिछला हिस्सा अपेक्षाकृत सुरक्षित दिखा यही वह हिस्सा होता है जहां ब्लैक बॉक्स आमतौर पर लगाए जाते हैं।

ब्लैक बॉक्स को खास धातु कवच और इंसुलेशन से सुरक्षित बनाया जाता है ताकि वे अत्यधिक तापमान सह सकें। ऐसे में उनके बुरी तरह जलने पर सवाल उठना स्वाभाविक है।

सियासत भी ऑनबोर्ड

शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत ने CVR को हुए नुकसान को “रहस्यमय” बताया। यह बयान रोहित पवार द्वारा संभावित साजिश और छेड़छाड़ के आरोपों के बाद आया है।

रोहित पवार का दावा है कि कंपनी के कुछ पूर्व कर्मचारियों ने बताया था कि उड़ानों के दौरान CVR अक्सर बंद रखा जाता था जो नियमों के खिलाफ है।

अगर यह सच है, तो यह सिर्फ तकनीकी नहीं, बल्कि गंभीर नियामकीय सवाल भी खड़े करता है।

अब सबकी नजर AAIB रिपोर्ट पर

AAIB को 30 दिनों के भीतर प्रारंभिक रिपोर्ट अंतरराष्ट्रीय नागरिक उड्डयन संगठन (ICAO) को सौंपनी है।

सबसे बड़ा सवाल यही है क्या रिपोर्ट सार्वजनिक होगी या गोपनीय फाइलों में दफन?

विमान हादसे की जांच में अक्सर कहा जाता है “Black Box कभी झूठ नहीं बोलता।” लेकिन जब वही ब्लैक बॉक्स जल जाए, तो सवालों का धुआं और गहरा हो जाता है।

नियम सबके लिए बराबर? थाना परिसर में SUV की पुरानी नंबर प्लेट

Related posts

Leave a Comment