ईरान का बैलिस्टिक मिसाइल हमला अमेरिका ने किया नाकाम? अमेरिकी सेना का बड़ा दावा, मध्य पूर्व में फिर बढ़ा तनाव

वॉशिंगटन: मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच अमेरिकी सेना ने दावा किया है कि उसने ईरान की ओर से किए गए बैलिस्टिक मिसाइल हमले को पूरी तरह विफल कर दिया। अमेरिकी सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) के अनुसार, ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स ने अमेरिकी बलों को निशाना बनाकर कई बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं, लेकिन सभी मिसाइलों को लक्ष्य तक पहुंचने से पहले ही रोक दिया गया।

सेंटकॉम ने हमले का समय और कार्रवाई की दी जानकारी

सेंटकॉम ने सोशल मीडिया पर जारी बयान में कहा कि मंगलवार शाम 5:45 बजे (ईटी) ईरान की ओर से यह हमला किया गया। बयान के मुताबिक, अमेरिकी सेना पहले से पूरी तरह सतर्क थी और मिसाइल रक्षा प्रणाली ने सभी बैलिस्टिक मिसाइलों को सफलतापूर्वक बीच रास्ते में ही इंटरसेप्ट कर दिया। अमेरिकी सेना ने दावा किया कि हमले में किसी प्रकार का नुकसान नहीं हुआ।

चार बैलिस्टिक मिसाइल दागे जाने का दावा

अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, एक अमेरिकी अधिकारी ने बताया कि ईरान ने अधिकतम चार बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं। हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम पर ईरान की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

होर्मुज जलडमरूमध्य में भी बढ़ाई गई निगरानी

हमले से पहले अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने जानकारी दी थी कि होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले ईरानी बंदरगाहों से जुड़े जहाजों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। अमेरिकी सेना के अनुसार, 28 जुलाई तक 18 वाणिज्यिक जहाजों का मार्ग बदला गया, दो जहाजों को निष्क्रिय किया गया और दो पर कब्जा किया गया। अमेरिका ने यह भी दावा किया कि उसकी नौसेना के 20 से अधिक युद्धपोत क्षेत्र में तैनात हैं और ईरान के खिलाफ समुद्री नाकेबंदी को लागू कर रहे हैं।

ट्रंप-नेतन्याहू मुलाकात के बीच बढ़ा तनाव

यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के बीच व्हाइट हाउस में अहम बैठक हुई। दोनों नेताओं की ईरान पर सैन्य कार्रवाई शुरू होने के बाद यह पहली आमने-सामने की मुलाकात थी। इससे पहले ट्रंप ने कहा था कि उन्होंने ईरान को बातचीत का एक और अवसर देने के लिए सैन्य कार्रवाई फिलहाल रोकी है, लेकिन यदि वार्ता सफल नहीं हुई तो आगे और कार्रवाई की जा सकती है।

 

Related posts