झाँसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय, झाँसी के कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग (सीएसई) विभाग में शनिवार को एलुमनी टॉक का आयोजन किया गया। इसमें विभाग की पूर्व छात्रा एवं पुणे स्थित मोबिकोड (Mobikode) कंपनी में कार्यरत मधुबाला सिंह ने विद्यार्थियों के साथ अपने शैक्षणिक अनुभव और व्यावसायिक यात्रा साझा करते हुए तकनीकी क्षेत्र में करियर निर्माण की संभावनाओं पर मार्गदर्शन दिया।
विभाग के वर्ष 2021–25 बैच की पूर्व छात्रा मधुबाला सिंह ने विद्यार्थियों को आईटी उद्योग की कार्यप्रणाली, बदलती तकनीकी आवश्यकताओं और रोजगार के अवसरों से परिचित कराया। उन्होंने कहा कि तकनीकी क्षेत्र में सफल करियर बनाने के लिए शैक्षणिक ज्ञान के साथ व्यावहारिक कौशल, निरंतर सीखने की प्रवृत्ति और उद्योग की अपेक्षाओं को समझना आवश्यक है। विद्यार्थियों को अपने अध्ययन के दौरान ही तकनीकी दक्षता विकसित करने और भविष्य की चुनौतियों के अनुरूप स्वयं को तैयार करने का प्रयास करना चाहिए।
विभाग की समन्वयक डॉ. प्रियंका पांडे ने कहा कि पूर्व छात्रों के अनुभव वर्तमान विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण मार्गदर्शन का कार्य करते हैं। एलुमनी टॉक जैसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को शिक्षा और उद्योग जगत के बीच संबंध स्थापित करने के साथ ही करियर की वास्तविक चुनौतियों एवं संभावनाओं को समझने का अवसर प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को पूर्व छात्रा की शैक्षणिक एवं व्यावसायिक यात्रा से प्रेरणा लेने तथा अपने भविष्य के लिए स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करने का अवसर मिला। इस आयोजन ने विद्यार्थियों को सैद्धांतिक ज्ञान के साथ व्यावहारिक दक्षता विकसित करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर विभाग की समन्वयक डॉ. प्रियंका पांडे, डॉ. सादिक खान, इंजीनियर अनुराग कुमार, इंजीनियर अखिलेश कुमार, इंजीनियर मनोज वर्मा तथा एलुमनी कोऑर्डिनेटर इंजीनियर विजय कुमार वर्मा उपस्थित रहे।
