खून से लिखा गया पत्र पहुंचा पीएम मोदी के नाम, राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में युवक की बड़ी मांग

देवरिया: अयोध्या स्थित राम मंदिर में चढ़ावा चोरी की घटना को लेकर उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के एक युवक ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपने खून से पत्र लिखकर निष्पक्ष जांच की मांग की है। अलावलपुर गांव निवासी आदित्य मिश्र ने पत्र में पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई किए जाने का अनुरोध किया है। उनके इस कदम की इलाके में व्यापक चर्चा हो रही है।

आदित्य मिश्र का कहना है कि भगवान राम करोड़ों लोगों की आस्था के केंद्र हैं और उनके मंदिर में चोरी जैसी घटना अत्यंत दुखद और चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि इस प्रकरण से देश और विदेश में बसे करोड़ों रामभक्तों की भावनाएं आहत हुई हैं।

निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाने की मांग

प्रधानमंत्री को भेजे गए पत्र में आदित्य मिश्र ने मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराई जाए, ताकि घटना की वास्तविकता सामने आ सके। उन्होंने कहा कि दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए।

श्रद्धालुओं का विश्वास बनाए रखने पर दिया जोर

आदित्य मिश्र ने पत्र में यह भी लिखा है कि यदि मामले की निष्पक्ष जांच नहीं होती है तो लोगों के मन में कई तरह के सवाल बने रहेंगे। उनका कहना है कि निष्पक्ष कार्रवाई से श्रद्धालुओं का विश्वास और मजबूत होगा तथा भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने में भी मदद मिलेगी।

इलाके में चर्चा का विषय बना युवक का कदम

अपने खून से प्रधानमंत्री को पत्र लिखने की जानकारी सामने आने के बाद क्षेत्र में इस घटना को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। युवक की मांग और उसके अनोखे विरोध के तरीके को लेकर स्थानीय स्तर पर लोगों के बीच विभिन्न प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।

 

Related posts