खंड शिक्षा अधिकारी की प्रथम मासिक समीक्षा बैठक सम्पन्न, निपुण आकलन पर विशेष जोर…..

उन्नाव, बांगरमऊ विकासखंड मियागंज के ब्लॉक सभागार में नवागत खंड शिक्षा अधिकारी राजेश राम की प्रथम मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई जिसमें नवागत खंड शिक्षा अधिकारी का पुष्पमाला पहनाकर स्वागत एवं सम्मान किया गया।


बैठक में खंड शिक्षा अधिकारी द्वारा विकासखंड के समस्त विद्यालयों में संचालित शैक्षणिक गतिविधियों एवं विभागीय कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान विद्यालयों में शिक्षण कार्य की गुणवत्ता, छात्र-छात्राओं की उपस्थिति, शिक्षक एवं शिक्षार्थियों की नियमितता, विद्यालयों में शैक्षिक वातावरण, विभिन्न विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा अन्य शैक्षणिक बिंदुओं पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। बैठक में निपुण भारत मिशन एवं निपुण आकलन को विशेष प्राथमिकता देते हुए खंड शिक्षा अधिकारी राजेश राम ने सभी शिक्षकों एवं संकुल प्रभारियों को निर्देशित किया कि बच्चों के बुनियादी भाषा एवं गणितीय कौशल को मजबूत बनाने के लिए नियमित अभ्यास, प्रभावी शिक्षण रणनीतियों एवं सतत आकलन पर विशेष ध्यान दिया जाए। बच्चों के अधिगम स्तर का समय-समय पर मूल्यांकन करते हुए आवश्यकतानुसार उपचारात्मक शिक्षण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

खंड शिक्षा अधिकारी राजेश राम ने कहा कि विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। प्रत्येक शिक्षक अपने विद्यालय में सकारात्मक शैक्षिक वातावरण विकसित करते हुए बच्चों के सर्वांगीण विकास एवं निर्धारित शैक्षिक लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें।

बैठक में सभी शैक्षणिक एवं विभागीय कार्यों को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी ढंग से पूर्ण करने पर बल दिया गया। साथ ही सभी शिक्षकों से अपेक्षा की गई कि वे आपसी समन्वय, सहयोग एवं जिम्मेदारी के साथ विकासखंड मियागंज को शैक्षिक गुणवत्ता एवं निपुण लक्ष्यों की प्राप्ति में अग्रणी बनाने हेतु सक्रिय भूमिका निभाएं। बैठक में एआरपी दीप नारायण त्रिपाठी, अभिषेक शुक्ल के साथ साथ सभी प्रधान शिक्षक उपस्थित रहे। बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुई।

Related posts