धनुष यज्ञ लीला का किया गया भव्य मंचन……

उन्नाव। बांगरमऊ नगर के नानामऊ रोड पर आयोजित श्री कृष्ण लीला महोत्सव के सातवें दिन श्री वृंदावन धाम से पधारे श्री बृज धाम कृष्ण लीला संस्थान के संरक्षक नंदकिशोर शर्मा के कुशल निर्देशन में धनुषयज्ञ लीला का भव्य मंचन किया गया।


लीला में दिखाया गया कि जनकपुर के राजा जनक ने जब देखा कि सीता जी जमीन का लेपन करते-करते एक हाथ से भगवान शिव का विशाल धनुष उठा लेती हैं, तो उन्होंने मन में प्रण कर लिया कि जो इस धनुष को तोड़ेगा, उसी के साथ जानकी का विवाह होगा। इसके बाद उन्होंने सेवकों को आदेश दिया कि सभी राजाओं को आमंत्रण दिया जाए और धनुषयज्ञ का आयोजन किया जाए।

आमंत्रण पर कई राज्यों के राजा धनुषयज्ञ में पहुंचे। ऋषि विश्वामित्र के साथ राम-लक्ष्मण भी यज्ञ में आए। कई देशों के राजाओं ने धनुष तोड़ने की चेष्टा की, लेकिन कोई भी धनुष को हिला तक नहीं पाया।तब राजा जनक ने विलाप करते हुए कह दिया कि यह पृथ्वी वीरों से खाली है। यह सुनते ही लक्ष्मण जी क्रोध में आ गए।

उनके क्रोध को देखकर आए हुए राजा-महाराजा भयभीत हो गए। तब विश्वामित्र जी ने लक्ष्मण जी को समझाया और राम जी को आज्ञा दी, उठो राम, धनुष का भंजन करो और जनक जी के संताप को मिटा दो।गुरु की आज्ञा पाकर भगवान राम ने धनुष उठाकर तोड़ दिया। तालियों की गड़गड़ाहट से पूरा पंडाल जय श्री राम के नारों से गूंज उठा।

इसके बाद प्रभु राम ने सीता जी को जयमाल डाली और सखियां गाने लगीं, झुक जइयो जरा रघुवीर, लाली जी मोरी छोटी है।रावण-बाणासुर संवाद, जनक विलाप और परशुराम-लक्ष्मण संवाद देखकर दर्शक रोमांचित हो उठे। समापन पर अजय तिवारी, वीरपाल सभासद, प्रज्वल शर्मा, संजीव दीक्षित एवं पंडित रामदेव शास्त्री जी ने आरती उतारी।

Related posts