उन्नाव। अचलगंज थाना क्षेत्र में शनिवार रात शराब पीने के दौरान हुए विवाद में दो युवकों ने 18 वर्षीय सरवन पर चाकू से हमला कर दिया। पेट में चाकू लगने से वह घायल हो गया। ज्यादा खून बहने पर डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। उन्नाव के अचलगंज थाना क्षेत्र में शनिवार रात शराब पीने के दौरान हुए विवाद में दो युवकों ने 18 वर्षीय सरवन पर चाकू से हमला कर दिया। पेट में चाकू लगने से वह घायल हो गया। ज्यादा खून बहने पर डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया सरवन तिघरा गांव के छोटेलाल का बेटा है। वह हड़हा बाजार स्थित देशी शराब की दुकान से शराब खरीदने गया था।
इसके बाद वह बाजार परिसर में बैठकर शराब पीने लगा। वहां गांव के दो अन्य युवक भी शराब पी रहे थे। किसी बात पर तीनों के बीच कहासुनी हुई और विवाद बढ़ गया। इसी दौरान उनमें से एक युवक ने सरवन के पेट में चाकू मार दिया। हमले के बाद सरवन शोर मचाते हुए गिर पड़ा। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक दोनों युवक भाग चुके थे। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
अचलगंज पुलिस सरवन को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई। वहां प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल भेज दिया। कार्यवाहक थाना प्रभारी धीरेंद्र यादव ने बताया कि हमलावर तिघरा गांव के ही दो युवक बताए जा रहे हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है। सरवन के पिता छोटेलाल ने चंदन और सुनील के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। घटना की जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
