तीन दिवसीय बैटमिंटन प्रतियोगिता का आज फाइनल……

बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में तीन दिवसीय बैडमिंटन प्रतियोगिता, आज होगा फाइनल

झांसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय, झांसी के आईईटी स्पोर्ट्स क्लब द्वारा आयोजित तीन दिवसीय बैडमिंटन प्रतियोगिता के दूसरे दिन खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल, उत्साह और प्रतिस्पर्धात्मक भावना का प्रदर्शन किया। पुरुष एवं महिला एकल तथा युगल वर्गों में हुए रोमांचक मुकाबलों ने प्रतियोगिता का उत्साह बढ़ा दिया। अब सभी की निगाहें अंतिम दिन होने वाले सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबलों पर टिकी हैं।
प्रतियोगिता का आयोजन इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (आईईटी) के निदेशक प्रो. डी.के. भट्ट, डीन प्रो. एम.एम. सिंह तथा स्पोर्ट्स कोऑर्डिनेटर डॉ. सत्येन्द्र उपाध्याय के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में खेल प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के साथ ही अनुशासन, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की संस्कृति विकसित करना है।


प्रतियोगिता के दौरान मुख्य अतिथि विश्वविद्यालय के स्पोर्ट्स ऑफिसर डॉ. सूरजपाल सिंह एवं विशिष्ट अतिथि डॉ. राजीव बबेले ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने विद्यार्थियों को खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।


प्रतियोगिता के दूसरे दिन पुरुष एकल वर्ग में चौथे दौर तक के सभी मुकाबले संपन्न हुए। वहीं, महिला एकल वर्ग में सेमीफाइनल से पूर्व के सभी मैच पूरे कर लिए गए। पुरुष एवं महिला युगल वर्ग में भी खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। दोनों वर्गों में सेमीफाइनल से पहले के सभी मुकाबले संपन्न हो गए। खिलाड़ियों ने अपनी चुस्ती, सटीक शॉट और बेहतर तालमेल से दर्शकों को प्रभावित किया।


तीन दिवसीय प्रतियोगिता के अंतिम दिन सभी वर्गों के सेमीफाइनल एवं फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे। निर्णायक मुकाबलों को लेकर खिलाड़ियों में विशेष उत्साह है। प्रतियोगिता के माध्यम से विश्वविद्यालय परिसर में खेल गतिविधियों के प्रति विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी और रुचि देखने को मिल रही है।


आयोजन को सफल बनाने में आईईटी स्पोर्ट्स क्लब के हेड उन्नत वर्मा, सचिव अर्पित देवल, अभिषेक, चित्रा सहित क्लब के अन्य सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। वहीं, मुकाबलों के निष्पक्ष एवं सुचारु संचालन में रेफरी भुवनेश, शोभित और आदित्य ने अहम भूमिका निभाई।

Related posts