मैनपुरी: उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में गुरुवार रात क्रिश्चियन तिराहे के पास कपड़ों के तीन शोरूम में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में तीनों शोरूम इसकी चपेट में आ गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकल की तीन गाड़ियों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक शोरूम में रखा सामान जलकर राख हो गया। इस अग्निकांड से कपड़ा कारोबारियों को भारी नुकसान होने की आशंका है।
तीनों मंजिलों तक पहुंचीं आग की लपटें
आग की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि लपटें भूतल से लेकर पहली और दूसरी मंजिल तक पहुंच गईं। ऊपरी मंजिल पर बने गोदाम भी आग की चपेट में आ गए। आग बुझाने के लिए दमकल कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। दुकानों के शटर नहीं खुलने पर उन्हें जेसीबी की मदद से तोड़ा गया, ताकि दमकल कर्मी अंदर पहुंचकर आग पर काबू पाने की कोशिश कर सकें। फिलहाल आग लगने की वजह और कुल आर्थिक नुकसान का आकलन स्पष्ट नहीं हुआ है।
प्रत्यक्षदर्शी ने बताया, धमाके के बाद भड़की आग
क्रिश्चियन तिराहे के पास एक बाजार की इमारत में सिक्का कलेक्शन, लहंगा-चुन्नी और कपड़ों के अन्य शोरूम हैं। घटनास्थल से गुजर रहे एक प्रत्यक्षदर्शी के मुताबिक, रात करीब 11:45 बजे लहंगा-चुन्नी के शोरूम में तेज धमाके की आवाज सुनाई दी। इसके तुरंत बाद दुकान के अंदर से आग की ऊंची लपटें निकलने लगीं। देखते ही देखते आग आसपास के शोरूम तक फैल गई। घटना की सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने में जुट गईं।
बागपत में आग से मां-बेटी की हुई थी मौत
इससे पहले उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के खेकड़ा में भी भीषण अग्निकांड हुआ था। उस हादसे में स्वाति जैन और उनकी छह वर्षीय बेटी अनन्या जैन की जान चली गई थी। परिवार को बचाने की कोशिश में स्वाति का बेटा अंकुर जैन भी बुरी तरह झुलस गया था।
