PM मोदी करेंगे पाटेश्वरी विश्वविद्यालय और मेडिकल कॉलेज का लोकार्पण, सीएम योगी ने तैयारियों की समीक्षा की

बलरामपुर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उत्तर प्रदेश के बलरामपुर में बन रहे मां पाटेश्वरी विश्वविद्यालय और अटल बिहारी वाजपेयी स्वशासी मेडिकल कॉलेज का लोकार्पण करेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री से इसके लिए समय मांगा है। दिसंबर में दोनों बड़ी परियोजनाओं के लोकार्पण की संभावना जताई जा रही है। इससे पहले मुख्यमंत्री ने शक्तिपीठ देवीपाटन मंदिर में अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर निर्माण कार्यों की समीक्षा की।

निर्माण में धीमी रफ्तार पर सीएम योगी नाराज

दो दिवसीय दौरे पर बलरामपुर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिले की प्रमुख विकास परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। बैठक के दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की धीमी गति पर नाराजगी जताई और संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को समय सीमा के भीतर काम पूरा करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने विश्वविद्यालय का निर्माण करा रही कार्यदायी संस्था और सेतु निर्माण निगम के अधिकारियों को काम में तेजी लाने को कहा। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री के प्रस्तावित लोकार्पण कार्यक्रम को देखते हुए किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

विश्वविद्यालय और मेडिकल कॉलेज की गुणवत्ता पर जोर

सीएम योगी ने कहा कि मां पाटेश्वरी विश्वविद्यालय और मेडिकल कॉलेज का लोकार्पण एक साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से कराने की योजना है। उन्होंने अधिकारियों को लगातार निगरानी रखने और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने मेडिकल कॉलेज के अधूरे कार्यों को भी जल्द पूरा कराने को कहा, ताकि दोनों परियोजनाएं तय समय पर लोकार्पण के लिए तैयार हो सकें।

गांवों में बिजली व्यवस्था जल्द बहाल करने के निर्देश

मुख्यमंत्री ने मंडलायुक्त दुर्गाशक्ति नागपाल और जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन को निर्देश दिया कि प्रभावित ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति जल्द से जल्द बहाल कराई जाए। उन्होंने कहा कि इसके लिए जरूरत के अनुसार मैनपावर और संसाधनों की व्यवस्था बढ़ाई जाए।

सदर विधायक पल्टूराम ने मुख्यमंत्री को जानकारी दी थी कि बीते महीने आए आंधी-तूफान के कारण ग्रामीण क्षेत्रों की बिजली व्यवस्था प्रभावित हुई है और कई गांवों में अभी तक आपूर्ति पूरी तरह बहाल नहीं हो पाई है।

शहर के चार मार्गों को फोरलेन बनाने की मांग

नगर पालिका परिषद बलरामपुर के अध्यक्ष डॉ. धीरेन्द्र प्रताप सिंह धीरू ने मुख्यमंत्री के सामने शहर के चार प्रमुख मार्गों को डिवाइडर सहित फोरलेन बनाने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि सड़कों के चौड़ीकरण से यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और जाम की समस्या से लोगों को राहत मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने इस प्रस्ताव को लेकर अधिकारियों को कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।

बैठक में कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में तुलसीपुर विधायक कैलाश नाथ शुक्ल, उतरौला विधायक राम प्रताप वर्मा, पूर्व सांसद दद्दन मिश्र, जिला पंचायत अध्यक्ष आरती तिवारी, भाजपा जिलाध्यक्ष रवि मिश्र, पूर्व विधायक शैलेश कुमार सिंह शैलू, पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रताप सिंह, मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता और विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. रविशंकर सिंह समेत कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।


Related posts