संरक्षा एवं स्वावलंबन के संबंध में जन-जागरूकता रैली का आयोजन किया गया……..

झांसी।शारदीय नवरात्रि के पर्व पर ‘मिशन शक्ति फेज-6’ के विशेष अभियान के अन्तर्गत जनपद में महिलाओं की सुरक्षा, संरक्षा एवं स्वावलंबन के संबंध में जन-जागरूकता रैली का आयोजन किया गया।

  शारदीय नवरात्रि पर्व के दृष्टिगत मिशन शक्ति फेज-6 अभियान के अंतर्गत जनपद में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, संरक्षा एवं स्वावलंबन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, झाँसी श्री विकास कुमार के निर्देशन में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ0 श्री अरविन्द कुमार, सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी सदर सुश्री सिमरन सिंह एवं क्षेत्राधिकारी महिला अपराध श्रीमती आसमा वकार के नेतृत्व में महिला पुलिस बल द्वारा शहर में जन-जागरूकता रैली का आयोजन किया गया।

पैदल गश्त महिला थाना से प्रारंभ होकर इलाइट चौराहा, जीवनशाह तिराहा एवं जल विभाग कार्यालय के सामने से होते हुए पुनः महिला थाना पर समाप्त हुई। इस दौरान पुलिस अधिकारियों एवं महिला पुलिसकर्मियों द्वारा मार्ग में उपस्थित नागरिकों, महिलाओं एवं बालिकाओं से संवाद स्थापित कर उन्हें महिला सुरक्षा से संबंधित विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों, शासन की कल्याणकारी योजनाओं तथा महिलाओं के अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया।

अभियान का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं में सुरक्षा की भावना को सुदृढ़ करना, उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक बनाना तथा महिला सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं के प्रति विश्वास कायम करना है। झाँसी पुलिस महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन सुनिश्चित करने तथा जनपद में सुरक्षित वातावरण बनाए रखने हेतु निरंतर प्रतिबद्ध है।

Related posts