रूस का यूक्रेन पर अब तक का सबसे बड़ा हवाई हमला, कीव समेत दर्जनभर शहरों में तबाही; 4 बच्चों समेत 24 की मौत, 60 घायल

कीव: रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच रूस ने यूक्रेन के कई शहरों पर बड़ा हवाई हमला किया है। यूक्रेनी अधिकारियों के मुताबिक, मंगलवार रात से बुधवार सुबह के बीच रूसी मिसाइलों और ड्रोनों ने राजधानी कीव समेत करीब एक दर्जन इलाकों को निशाना बनाया। हमले में 4 बच्चों समेत कम से कम 24 आम नागरिकों की मौत हो गई, जबकि करीब 60 लोग घायल हुए हैं। हमलों में रिहायशी इलाकों के साथ औद्योगिक ढांचे को भी नुकसान पहुंचा है।

एक दिन पहले यूक्रेन ने रूस पर दागे थे 650 ड्रोन

रूस का यह हमला यूक्रेन की ओर से एक दिन पहले किए गए बड़े ड्रोन हमले के बाद हुआ है। यूक्रेन ने मॉस्को और आसपास के इलाकों में 650 विस्फोटक ड्रोन दागे थे। इस हमले में मॉस्को से करीब 40 किलोमीटर दूर मॉस्को ओब्लास्ट का एक बड़ा तेल डिपो तबाह हो गया था। इसके बाद रूस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए यूक्रेन के कई हिस्सों पर मिसाइलों और ड्रोनों से हमला किया।

निप्रो में मिसाइल हमले से मची तबाही

रूसी मिसाइलों ने यूक्रेन के औद्योगिक शहर निप्रो को भी निशाना बनाया। शहर के बीचोंबीच मिसाइलों के गिरने से जोरदार विस्फोट हुए और पूरा इलाका दहल उठा। हमले में निप्रो की एक प्रमुख औद्योगिक इकाई को नुकसान पहुंचा है। इसके अलावा आसपास की कई इमारतें भी क्षतिग्रस्त हुई हैं।

130 ड्रोन और 48 मिसाइलों से हमला

यूक्रेन की वायुसेना के अनुसार, रूस ने अलग-अलग शहरों पर 130 ड्रोन और 48 क्रूज व बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं। यूक्रेनी वायुसेना ने इनमें से 161 हवाई लक्ष्यों को मार गिराने का दावा किया है। यूक्रेन को रूसी हमले की पहले से जानकारी थी। खुफिया सूचना के आधार पर राष्ट्रपति वलोदिमिर जेलेंस्की ने एक दिन पहले ही लोगों को बड़े हमले को लेकर सतर्क कर दिया था।

जेट-पावर्ड गेरान ड्रोन ने बढ़ाई यूक्रेन की मुश्किल

पूर्व सूचना के बावजूद यूक्रेन रूसी हमलों को पूरी तरह रोक नहीं सका। इसकी एक वजह रूस के नए जेट-पावर्ड गेरान-4 और गेरान-5 ड्रोन बताए जा रहे हैं। यूक्रेन का दावा है कि रूस हर महीने बड़ी संख्या में इन नए ड्रोन का इस्तेमाल कर रहा है। इससे यूक्रेन की वायु रक्षा प्रणाली पर दबाव बढ़ रहा है और इंटरसेप्टर मिसाइलों की कमी भी सामने आ रही है।

गेरान-5 ड्रोन की रफ्तार और मारक क्षमता बनी चुनौती

गेरान-5 रूस का जेट-पावर्ड आत्मघाती ड्रोन है, जिसे कम लागत वाली क्रूज मिसाइल के तौर पर विकसित किया गया है। इसमें टर्बोजेट इंजन लगा है और यह 450 से 600 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उड़ सकता है। पुराने शाहेद जैसे पिस्टन इंजन वाले ड्रोनों की तुलना में इसकी गति करीब तीन गुना अधिक बताई गई है।

इसकी मारक क्षमता करीब 950 से 1,000 किलोमीटर तक है। यह करीब 90 किलोग्राम का विस्फोटक हथियार ले जाने में सक्षम है और 5,000 से 6,000 मीटर की अधिकतम ऊंचाई तक उड़ सकता है।

कीव में भी मिसाइल और ड्रोन हमलों से भारी नुकसान

रूस ने यूक्रेन की राजधानी कीव को भी बड़े पैमाने पर निशाना बनाया। यहां टर्बोजेट इंजन वाले गेरान ड्रोन के साथ बैलिस्टिक मिसाइलें भी दागी गईं। हमलों में रिहायशी इमारतों के साथ कई औद्योगिक इकाइयों को नुकसान पहुंचा। जेलेंस्की के मुताबिक, रूसी सेना ने मुख्य रूप से यूक्रेन के ऊर्जा ढांचे को निशाना बनाया है। उनके अनुसार, हमलों का उद्देश्य बड़े पैमाने पर नुकसान पहुंचाना और डर का माहौल पैदा करना है।

कीव के अलावा इन इलाकों में भी गूंजे धमाके

यूक्रेनी अधिकारियों के मुताबिक, राजधानी कीव के अलावा पोल्टावा, निप्रॉपेट्रोस, खार्किव और चेर्निहाइव समेत कई इलाकों पर रूसी हमलों का असर पड़ा। कई जगह विस्फोट के बाद आग लग गई और बड़ी इमारतों को भारी नुकसान पहुंचा। रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच हुआ यह हमला दोनों देशों के बीच जारी सैन्य टकराव की गंभीरता को और बढ़ाता है।

Related posts