लखनऊ इकाना में आज भारत-वेस्टइंडीज टी-20, दोपहर 3 बजे से शहीद पथ पर ट्रैफिक डायवर्जन; इन रास्तों से गुजरेंगे वाहन

लखनऊ: मंगलवार को लखनऊ के इकाना स्टेडियम में भारत और वेस्टइंडीज के बीच टी-20 मुकाबला खेला जाएगा। मैच को देखते हुए शहर की यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। दोपहर 3 बजे से मैच खत्म होने तक शहीद पथ पर बड़े और व्यावसायिक वाहनों के साथ रोडवेज बसों के संचालन पर रोक रहेगी। बड़े वाहनों के लिए रात 11 बजे तक लागू रहने वाली नो-एंट्री अब मैच समाप्त होने तक प्रभावी रहेगी।

डीसीपी ट्रैफिक रवीना त्यागी ने मैच देखने जाने वाले दर्शकों को छोड़कर अन्य वाहन चालकों से अपील की है कि वे इस दौरान वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें। यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए कई प्रमुख रास्तों पर वाहनों का मार्ग बदला गया है।

इन रास्तों से गुजर सकेंगे वाहन

अयोध्या रोड से आने वाले वाहन आईजीपी, 1090, लालबत्ती, तेलीबाग, अवध या इंदिरा नहर होते हुए किसान पथ से आगे जा सकेंगे। वहीं कानपुर रोड से आने वाले वाहन अवध, बंगलाबाजार, तेलीबाग, लालबत्ती और 1090 होते हुए किसान पथ का इस्तेमाल कर सकेंगे।

सुल्तानपुर रोड या अन्य मार्गों से आने वाले बड़े वाहनों को अहिमामऊ की जगह कबीरपुर तिराहे से किसान पथ की ओर भेजा जाएगा। सुल्तानपुर रोड से आने वाले वाहन अहिमामऊ चौराहे के बजाय अमूल तिराहा से लूलू मॉल कटिंग के रास्ते शहीद पथ पर जा सकेंगे।

रायबरेली रोड और अन्य मार्गों पर भी बदलाव

रायबरेली रोड से आने वाले वाहन मोहनलालगंज या तेलीबाग, अवध चौराहा अथवा हरीकंशगढ़ी होते हुए किसान पथ से आवागमन कर सकेंगे। हुसड़िया से आने वाले वाहनों को अहिमामऊ चौराहा और शहीद पथ-कानपुर रोड तिराहे के बजाय 1090 चौराहे से शहर क्षेत्र की ओर जाने की व्यवस्था रहेगी।

लालबत्ती चौराहे से बड़े वाहन लालबत्ती से करियप्पा चौराहा, तेलीबाग या बंगला बाजार चौराहा और अवध चौराहा होते हुए आगे जा सकेंगे। सुल्तानपुर रोड से आने वाले वाहनों को अहिमामऊ अंडरपास चौराहे की जगह सीएमएस मोड़, सुल्तानपुर रोड से बाएं मुड़कर अंसल के रास्ते भेजा जाएगा।

अहिमामऊ चौराहे से प्लासियो के बीच भी रोक रहेगी। इस हिस्से का यातायात अहिमामऊ, एचसीएल और ओवरहेड गोल चक्कर होते हुए आगे बढ़ सकेगा।

मैच शुरू होने से तीन घंटे पहले मिलेगी स्टेडियम में एंट्री

भारत और वेस्टइंडीज के बीच होने वाले मुकाबले के लिए दर्शकों को मैच शुरू होने से तीन घंटे पहले स्टेडियम में प्रवेश दिया जाएगा। दर्शकों को टिकट की हार्ड कॉपी साथ लानी होगी। मोबाइल फोन पर टिकट दिखाने पर स्टेडियम में प्रवेश नहीं मिलेगा।

टिकट केवल अधिकृत स्थान से खरीदने की अपील की गई है। स्कैन किए गए या नकली टिकट मिलने पर टिकट खरीदने वाले और बेचने वाले दोनों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

दर्शक मैच की दूसरी पारी तक ही स्टेडियम में प्रवेश कर सकेंगे। एक बार स्टेडियम से बाहर निकलने के बाद दोबारा प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। इसके अलावा स्टेडियम के अंदर सिक्का, ईयरफोन और ज्वलनशील पदार्थ ले जाने पर प्रतिबंध रहेगा।

Related posts