बेतवा विहार की व्यवस्थाओं में होगा और सुधार, मंडलायुक्त ने किया स्थलीय निरीक्षण

मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश


झांसी(देवेश प्रताप सिंह राठौर) मंडलायुक्त बिमल कुमार दुबे ने झांसी विकास प्राधिकरण द्वारा विकसित की गयी बेतवा विहार आवासीय योजना का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त महोदय ने परिसर में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं एवं विभिन्न व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया तथा कॉलोनी में रह रहे नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों की जानकारी प्राप्त की।


मंडलायुक्त महोदय ने साफ-सफाई, जल निकासी, पार्क, विद्युत व्यवस्था, सड़क एवं अन्य नागरिक सुविधाओं का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों से विकास एवं अनुरक्षण कार्यों की प्रगति के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बेतवा विहार में आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण कराया जाए, ताकि कॉलोनी वासियों को बेहतर एवं सुचारु मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

यह भी निर्देश दिए गए कि बेतवा विहार की व्यवस्थाओं में सुधार के लिए सभी आवश्यक कार्य समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण किए जाएं। साथ ही, साफ-सफाई, जल निकासी एवं अन्य नागरिक सुविधाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए, जिससे आवासीय क्षेत्र में स्वच्छ, सुव्यवस्थित एवं बेहतर वातावरण बना रहे।


मंडलायुक्त महोदय ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि नागरिकों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा आवश्यक विकास कार्यों की प्रगति की नियमित समीक्षा की जाए।

निरीक्षण के दौरान सचिव, झांसी विकास प्राधिकरण, अधिशासी अभियंता, झांसी विकास प्राधिकरण, अधिशासी अभियंता, जल निगम नगरीय सहित विभिन्न संबंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Related posts