झांसी: उत्तर प्रदेश के झांसी में सोशल मीडिया पर शुरू हुई दोस्ती, प्यार और फिर शादी की कहानी का दो साल के भीतर ही दुखद अंत हो गया। 27 वर्षीय शिवानी उर्फ सुधा रविवार रात अपने बेडरूम में मृत मिलीं। परिजनों ने पति यश ठाकुर पर हत्या का आरोप लगाया है, जबकि घटना के बाद से वह फरार बताया जा रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
घटना के समय शिवानी की छोटी बहन मुस्कान घर के बगल वाले कमरे में सो रही थी। परिजनों के मुताबिक, रात करीब 10 से 10:30 बजे के बीच शिवानी और यश के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद रात करीब 1:30 से 2 बजे के बीच यश ने मुस्कान से अपना बैग और अन्य सामान मांगा। सामान लेने के बाद उसने कमरे की कुंडी बाहर से बंद कर दी और वहां से चला गया।
सुबह दरवाजा नहीं खुला, भाई ने पहुंचकर खोली कुंडी
सुबह करीब 5 बजे मुस्कान ने बाथरूम जाने के लिए कमरे का दरवाजा खोलने की कोशिश की, लेकिन बाहर से कुंडी लगी होने के कारण वह बाहर नहीं निकल सकी। उसने काफी देर तक आवाज लगाई, मगर कोई जवाब नहीं मिला। सुबह करीब 9 बजे शिवानी का भाई अनिकेत घर पहुंचा और उसने बाहर लगी कुंडी खोलकर कमरे में प्रवेश किया।
अंदर शिवानी बिस्तर पर पड़ी हुई थीं। काफी आवाज देने के बावजूद जब उन्होंने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी तो परिजन घबरा गए। अनिकेत के अनुसार, शिवानी के हाथ अकड़े हुए थे और उनके मुंह से खून निकल रहा था। इसके बाद परिजन उन्हें तत्काल मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
शादी के बाद बढ़ने लगा था पति-पत्नी के बीच विवाद
परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही शिवानी और यश के बीच अक्सर विवाद होता था और यश उनके साथ मारपीट भी करता था। इसी कारण शिवानी पिछले दो से तीन महीने से झांसी में अपने मायके पक्ष के लोगों के साथ रह रही थीं।
बताया गया कि दोनों की पहचान करीब डेढ़ से दो साल पहले सोशल मीडिया के माध्यम से हुई थी। दोस्ती के बाद दोनों के बीच प्यार हुआ और फिर उन्होंने प्रेम विवाह कर लिया। दोनों की कोई संतान नहीं थी।
तीन दिन पहले ग्वालियर से झांसी लौटे थे दोनों
जानकारी के अनुसार, 26 अगस्त को यश शिवानी को ग्वालियर लेकर गया था, जहां शिवानी ने राखी बांधी थी। इसके बाद 28 अगस्त को दोनों एक साथ झांसी वापस आए थे। शिवानी मूल रूप से इंदरगढ़ क्षेत्र के राजा का बाप गांव की रहने वाली थीं, जबकि यश को ग्वालियर का निवासी बताया गया है।
घटना की सूचना मिलने पर सीओ सिटी रामवीर सिंह और सीपरी बाजार थाना पुलिस मेडिकल कॉलेज पहुंची। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फरार पति यश ठाकुर की तलाश की जा रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत की वजह होगी साफ
पुलिस फिलहाल हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। महिला की मौत हत्या के कारण हुई या इसके पीछे कोई अन्य वजह है, इसका स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।
