नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के नेतृत्व में अपनी नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान कर दिया है। नई टीम में उत्तर प्रदेश से कई नेताओं को जगह मिली है। इनमें दो मुस्लिम चेहरे खास चर्चा में हैं। प्रो. तारिक मंसूर को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है, जबकि कुंवर बासित अली को अल्पसंख्यक मोर्चे की जिम्मेदारी सौंपी गई है। दोनों नेता उत्तर प्रदेश से आते हैं।
बीजेपी की नई टीम में राम माधव, डी. पुरंदेश्वरी और उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत समेत 13 नेताओं को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों को देखते हुए नई टीम में क्षेत्रीय और सामाजिक समीकरणों का भी ध्यान रखा गया है। उत्तर प्रदेश से कुल आठ चेहरों को इसमें जगह दी गई है।
कौन हैं प्रो. तारिक मंसूर?
प्रो. तारिक मंसूर बीजेपी के प्रमुख मुस्लिम नेताओं में शामिल हैं। वह उत्तर प्रदेश विधान परिषद के सदस्य हैं और अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति रह चुके हैं। नितिन नवीन की नई टीम में उन्हें लगातार दूसरी बार राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी मिली है। वर्ष 2023 में पहली बार उन्हें बीजेपी का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया था।
तारिक मंसूर 17 मई 2017 से 2 अप्रैल 2023 तक अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के कुलपति रहे। कुलपति पद से हटने के बाद उन्होंने सक्रिय राजनीति में कदम रखा। इसके बाद 3 अप्रैल 2023 को उन्हें उत्तर प्रदेश विधान परिषद का सदस्य मनोनीत किया गया। वह तब से विधान परिषद के सदस्य हैं।
पसमांदा मुस्लिम समुदाय के बीच बीजेपी की पहुंच बढ़ाने की रणनीति में भी तारिक मंसूर की भूमिका रही है। उत्तर प्रदेश में अगले विधानसभा चुनाव से पहले उन्हें राष्ट्रीय टीम में फिर जगह मिलना पार्टी के लिए अहम माना जा रहा है।
कुंवर बासित अली को अल्पसंख्यक मोर्चे की कमान
कुंवर बासित अली लंबे समय से बीजेपी संगठन में सक्रिय हैं। वह उत्तर प्रदेश बीजेपी अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष हैं। मेरठ जिले के किठौर विधानसभा क्षेत्र के कायस्थ बड्ढा गांव के रहने वाले बासित अली ने मुस्लिम समुदाय के बीच पार्टी की गतिविधियों को बढ़ाने में काम किया है।
उन्होंने कौमी चौपाल, मदरसों और दरगाहों में योग सत्र तथा मोदी मित्र जैसे अभियानों में भूमिका निभाई है। नितिन नवीन के उत्तर प्रदेश दौरे के दौरान मुस्लिम समाज और महिलाओं को पार्टी से जोड़ने की रणनीति में भी उन्होंने काम किया। अब उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर अल्पसंख्यक मोर्चे की जिम्मेदारी दी गई है।
बीजेपी की नई टीम में कई बड़े नाम शामिल
बीजेपी ने बीएल संतोष को राष्ट्रीय महासचिव संगठन के पद पर बरकरार रखा है। आठ राष्ट्रीय महासचिवों की नई टीम में पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी और त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब को शामिल किया गया है। विनोद तावड़े और सुनील बंसल को भी राष्ट्रीय महासचिव के पद पर बनाए रखा गया है।
राष्ट्रीय सचिवों की टीम में कविता पाटीदार, के. सुरेंद्रन, संदीप पाठक और मनोज तिग्गा समेत कई नए चेहरों को जगह मिली है। राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया, वैजयंत जे. पांडा और रेखा वर्मा को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी पर बरकरार रखा गया है।
नई टीम में उत्तर प्रदेश के नेताओं को मिली अहम जिम्मेदारियों और दो मुस्लिम चेहरों की नियुक्ति को पार्टी की संगठनात्मक और चुनावी रणनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
