शिमला-मनाली नहीं, झारखंड के ये हिल स्टेशन हैं प्रकृति का छुपा खजाना! शांत छुट्टियों के लिए आज ही बना लें प्लान

नई दिल्ली: अगर छुट्टियों में भीड़भाड़ से दूर शांति, हरियाली, पहाड़ और झरनों के बीच वक्त बिताना चाहते हैं तो झारखंड आपके लिए शानदार विकल्प हो सकता है। आमतौर पर लोग घूमने के लिए हिमाचल, उत्तराखंड या केरल का रुख करते हैं, लेकिन झारखंड की प्राकृतिक खूबसूरती भी किसी से कम नहीं है। घने जंगल, पहाड़, झरने और शांत वातावरण यहां की यात्रा को यादगार बना सकते हैं। आइए जानते हैं झारखंड के उन हिल स्टेशनों के बारे में, जहां प्रकृति के करीब कुछ सुकून भरे दिन बिताए जा सकते हैं।

नेतरहाट: ‘छोटा नागपुर की रानी’ का खूबसूरत नजारा

लातेहार जिले में स्थित नेतरहाट को ‘छोटा नागपुर की रानी’ कहा जाता है। यह झारखंड की राजधानी रांची से करीब 150 किलोमीटर की दूरी पर है और समुद्र तल से लगभग 3,622 फीट की ऊंचाई पर स्थित है।

नेतरहाट खासतौर पर सूर्योदय और सूर्यास्त के खूबसूरत नजारों के लिए जाना जाता है। यहां कोयल व्यू पॉइंट और मैग्नोलिया पॉइंट पर्यटकों के बीच लोकप्रिय हैं। इसके अलावा घाघरी जलप्रपात भी यहां का प्रमुख आकर्षण है। पहाड़ों और हरियाली के बीच शांत वातावरण इसे प्रकृति प्रेमियों के लिए खास बनाता है।

गिरिडीह हिल: पहाड़, झरने और धार्मिक आस्था का संगम

गिरिडीह जिले में स्थित गिरिडीह हिल को पारसनाथ की पहाड़ियों के नाम से भी जाना जाता है। यह क्षेत्र जैन धर्म के 23वें तीर्थंकर भगवान पारसनाथ से जुड़ा होने के कारण धार्मिक रूप से भी महत्वपूर्ण है।

यहां की सबसे ऊंची चोटी सम्मेद शिखरजी है। घूमने के लिहाज से सम्मेद शिखरजी के अलावा उसरी जलप्रपात, खंडोली पहाड़ी, बांध और मधुबन भी आकर्षण का केंद्र हैं। प्रकृति और धार्मिक पर्यटन दोनों को एक साथ अनुभव करने वालों के लिए यह जगह खास हो सकती है।

दलमा हिल: जंगलों के बीच पहाड़ी सफर

झारखंड और बंगाल की सीमा के पास स्थित दलमा हिल अपनी हरियाली और प्राकृतिक वातावरण के लिए जाना जाता है। पहाड़ी क्षेत्र का करीब 50 फीसदी हिस्सा घने हरे जंगलों से घिरा हुआ है।

दलमा वन्यजीव अभयारण्य यहां का प्रमुख आकर्षण है। इसके अलावा दलमा हिल टॉप और डिमना लेक भी पर्यटकों को आकर्षित करते हैं। पहाड़ और जंगल के बीच समय बिताने की इच्छा रखने वालों के लिए दलमा एक अच्छा विकल्प हो सकता है।

घाटशिला: सुवर्णरेखा किनारे सुकून का ठिकाना

पूर्वी सिंहभूम जिले में स्थित घाटशिला सुवर्णरेखा नदी के किनारे बसा शांत और खूबसूरत हिल क्षेत्र है। यहां का प्राकृतिक वातावरण और अपेक्षाकृत शांत माहौल पर्यटकों को खासा आकर्षित करता है।

घाटशिला घूमने जाएं तो बुरुडीह झील, फुलडुंगरी हिल्स, धारागिरी जलप्रपात और गौरी कुंज को अपनी यात्रा में शामिल किया जा सकता है। प्रकृति के बीच कुछ शांत समय बिताने और भीड़भाड़ से दूर रहने वालों के लिए घाटशिला एक बेहतर विकल्प बन सकता है।

 

Related posts