गिरिडीह: जेपीएससी समेत अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक के विरोध में रांची में आंदोलन कर रहे छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के खिलाफ भाजपा के झारखंड बंद का गिरिडीह में व्यापक असर देखने को मिल रहा है। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक भाजपा नेता और कार्यकर्ता बंद को सफल बनाने के लिए सड़कों पर उतर आए हैं। कई निजी स्कूल बंद हैं और सड़कों पर वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित हुई है।
शहर में जुलूस निकालने की तैयारी
भाजपा की महानगर जिला कमेटी की ओर से बंद को सफल बनाने के लिए शहर में विशाल जुलूस निकालने की तैयारी है। पार्टी के कार्यकर्ता सुबह 9:30 बजे झंडा मैदान में एकत्र होंगे। इसके बाद जुलूस की शक्ल में पूरे शहर का भ्रमण कर बंद के समर्थन में लोगों से सहयोग की अपील की जाएगी।
इससे पहले ही भाजपा नेता और कार्यकर्ता विभिन्न चौक-चौराहों पर पहुंच चुके हैं। कार्यकर्ता सड़कों पर तैनात होकर बंद को प्रभावी बनाने में जुटे हैं। कई इलाकों में वाहनों की आवाजाही रुक गई है।
कई निजी स्कूलों पर भी पड़ा असर
बंद का असर शिक्षा व्यवस्था पर भी दिखाई दे रहा है। गिरिडीह के कई निजी स्कूलों को बंद रखा गया है। शहर के विभिन्न हिस्सों में सड़क यातायात प्रभावित होने से आम लोगों की आवाजाही भी बाधित हुई है।
भाजपा महानगर जिलाध्यक्ष रंजीत कुमार राय ने कहा कि छात्र अपनी मांगों को लेकर कई दिनों से आंदोलन कर रहे हैं। उनका आरोप है कि सरकार छात्रों की मांगों पर विचार करने के बजाय उन पर लाठीचार्ज करा रही है। इसी के विरोध में भाजपा ने झारखंड बंद का आह्वान किया है।
बिरनी में सड़क जाम, बाजार में निकाला मार्च
बिरनी में भाजपा कार्यकर्ता मार्च निकालकर बाजार का भ्रमण कर रहे हैं। वहीं बिरनी प्रखंड कार्यालय के सामने सिमराढाब में रांची-देवघर-दुमका मुख्य मार्ग को जाम कर दिया गया है। इससे इस मार्ग पर यातायात प्रभावित हुआ है।
धनवार से डुमरी तक सड़कों पर उतरे कार्यकर्ता
बंद को सफल बनाने के लिए धनवार, जमुआ, बगोदर, सरिया, डुमरी, बेंगाबाद समेत गिरिडीह के अन्य इलाकों में भी सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए हैं। कई स्थानों पर कार्यकर्ता सड़क और बाजार क्षेत्रों में मौजूद रहकर बंद का समर्थन करा रहे हैं।
