सिद्धिविनायक मंदिर में हर साल 18 करोड़ की दान चोरी का दावा, राज ठाकरे ने राम मंदिर का भी किया जिक्र, पीएम मोदी से उठाई बड़ी मांग

मुंबई: महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (एमएनएस) प्रमुख राज ठाकरे ने मुंबई के प्रसिद्ध सिद्धिविनायक मंदिर में हर साल करोड़ों रुपये के दान की कथित चोरी का दावा करते हुए बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि मंदिरों में भी भ्रष्टाचार की घटनाएं सामने आ रही हैं और इस पूरे मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सार्वजनिक रूप से अपनी बात रखनी चाहिए। साथ ही उन्होंने अयोध्या के राम मंदिर में दान राशि से जुड़े कथित मामले का भी उल्लेख किया।

कार्यक्रम में लगाया बड़ा आरोप

राज ठाकरे ने अपनी पार्टी की छात्र शाखा द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि मुंबई के सिद्धिविनायक मंदिर में हर साल लगभग 18 करोड़ रुपये के दान की चोरी होती रही। उन्होंने यह भी दावा किया कि अयोध्या के राम मंदिर में 1400 करोड़ रुपये की कथित चोरी का मामला भी सामने आया है। उनके अनुसार, ऐसे मामलों से लोगों की धार्मिक आस्था प्रभावित होती है और इन पर गंभीरता से कार्रवाई होनी चाहिए।

दान पेटी की आय में बढ़ोतरी का किया जिक्र

राज ठाकरे ने बताया कि सिद्धिविनायक मंदिर के आठ ट्रस्टियों द्वारा लिखे गए एक पत्र का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि मंदिर की दान पेटी से पैसे चोरी करने वाले कुछ कर्मचारियों को ट्रस्टियों की सतर्कता के चलते पकड़ा गया था। उन्होंने दावा किया कि इस कार्रवाई से पहले मंदिर की साप्ताहिक दान राशि 50 लाख रुपये से भी कम थी, लेकिन कथित चोरी पकड़े जाने के बाद यह बढ़कर करीब 1.5 करोड़ रुपये प्रति सप्ताह हो गई। इसी आधार पर उन्होंने हर साल लगभग 18 करोड़ रुपये की कथित चोरी का आरोप लगाया।

मंदिर ट्रस्ट ने क्या कहा

सिद्धिविनायक मंदिर ट्रस्ट के चेयरमैन सदा सरवणकर ने मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि दान राशि से जुड़े प्रकरण में नौ कर्मचारियों को गिरफ्तार किया गया है और जहां जरूरत पड़ी, वहां पुलिस में मामले भी दर्ज कराए गए हैं। उन्होंने कहा कि मंदिर की आय में बढ़ोतरी ट्रस्ट के बेहतर प्रबंधन और प्रयासों का परिणाम है।

दो साल में बढ़ी मंदिर की आय

सदा सरवणकर के अनुसार, सिद्धिविनायक मंदिर की वार्षिक आय दो वर्ष पहले 114 करोड़ रुपये थी, जो अब बढ़कर 182 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है। उन्होंने यह भी कहा कि दान से जुड़े मामलों में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। वहीं, राम मंदिर में दान राशि से जुड़े कथित मामले में भी पुलिस द्वारा कई आरोपियों को गिरफ्तार किए जाने और जांच जारी रहने की जानकारी दी गई है।

 

Related posts