कन्नौज में दिवाली की शाम वकील की गोली मारकर हत्या, सीने में दागीं चार गोलियां; शव देखकर फूट-फूटकर रोईं भाजपा विधायक

कन्नौज: उत्तर प्रदेश के कन्नौज में दिवाली की शाम सनसनीखेज वारदात हुई। छिबरामऊ में कोतवाली से कुछ ही दूरी पर एक अधिवक्ता की ताबड़तोड़ फायरिंग कर हत्या कर दी गई। हमलावर ने उनके सीने में एक के बाद एक चार गोलियां दागीं। गंभीर रूप से घायल वकील को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हत्या का आरोप कांग्रेस के जिला महासचिव अमोल दीक्षित पर लगा है। घटना की खबर मिलते ही इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल बन गया।

विवाद में बीच-बचाव करने पहुंचे थे अधिवक्ता

मृतक की पहचान जीटी रोड स्थित सुभाष नगर निवासी 35 वर्षीय अनुज चतुर्वेदी के रूप में हुई है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, अनुज एक विवाद में बीच-बचाव करने पहुंचे थे। इसी दौरान कहासुनी बढ़ गई और आरोप है कि हमलावर ने पिस्टल निकालकर उन पर गोलियां चला दीं।

बताया जाता है कि अनुज के चचेरे भाई बसंत को राजनीतिक रंजिश के चलते कांग्रेस जिला महासचिव अमोल दीक्षित ने थप्पड़ मार दिया था। बसंत ने घर पहुंचकर इसकी जानकारी अनुज को दी। इसके बाद अनुज अपने चचेरे भाई को लेकर अमोल के घर पहुंचे। वहां दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर अमोल ने पिस्टल से अनुज के सीने पर चार गोलियां दाग दीं।

अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

फायरिंग के बाद अनुज खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़े। गोलियों की आवाज सुनकर मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस और परिजन उन्हें तत्काल सौ शैय्या अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

वारदात की सूचना मिलते ही छिबरामऊ कोतवाली प्रभारी कपिल दुबे और सीओ मयंक मिश्रा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोप है कि फायरिंग के बाद अमोल मौके से फरार हो गया।

वकील का शव देखकर फूट-फूटकर रोईं भाजपा विधायक

घटना की जानकारी मिलने पर छिबरामऊ की भाजपा विधायक अर्चना पांडेय भी अस्पताल पहुंचीं। अनुज चतुर्वेदी का शव देखकर वह भावुक हो गईं और फूट-फूटकर रोने लगीं। विधायक ने बताया कि उन्होंने किसी काम के सिलसिले में कोतवाली प्रभारी कपिल दुबे को फोन किया था। इसी बातचीत के दौरान उन्हें अधिवक्ता की हत्या की जानकारी मिली। इसके बाद वह अस्पताल पहुंच गईं।

बताया जा रहा है कि मृतक अधिवक्ता के चाचा रवि भाजपा विधायक के ड्राइवर हैं। इसी वजह से दोनों परिवारों के बीच पहले से परिचय और संबंध थे।

दिवाली की खुशियां मातम में बदलीं

त्योहार की शाम हुई इस वारदात से अनुज चतुर्वेदी के परिवार में कोहराम मच गया। घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में साथी वकील और स्थानीय लोग अस्पताल पहुंच गए। कोतवाली के नजदीक हुई हत्या से अधिवक्ताओं में भी आक्रोश देखा गया। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Related posts