जौहर यूनिवर्सिटी पर बुलडोजर एक्शन फिलहाल रुका! मुरादाबाद कमिश्नर ने ध्वस्तीकरण पर लगाई अंतरिम रोक, छात्रों के बीच जाएंगे अखिलेश यादव

रामपुर: समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान की मौलाना मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी को फिलहाल बड़ी राहत मिली है। मुरादाबाद मंडल के कमिश्नर ने यूनिवर्सिटी परिसर में प्रस्तावित ध्वस्तीकरण की कार्रवाई पर अगली सुनवाई तक अंतरिम रोक लगा दी है। इससे पहले रामपुर विकास प्राधिकरण ने परिसर में बने 40 भवनों में से 38 भवनों को बिना अनुमति निर्मित बताते हुए उन्हें स्वयं ध्वस्त करने के लिए 15 दिन का नोटिस जारी किया था।

अगली सुनवाई तक नहीं चलेगा बुलडोजर

जानकारी के अनुसार, मामले की सुनवाई 28 जुलाई को मुरादाबाद कमिश्नर कार्यालय में प्रस्तावित थी। हालांकि, शोक अवकाश के कारण सुनवाई निर्धारित समय पर नहीं हो सकी। इसी बीच मंडलायुक्त आंजनेय कुमार सिंह ने अंतरिम राहत देते हुए ध्वस्तीकरण की कार्रवाई पर अगली सुनवाई तक रोक लगाने का आदेश जारी कर दिया। आदेश के बाद फिलहाल विश्वविद्यालय परिसर के 38 भवनों पर प्रस्तावित बुलडोजर कार्रवाई टल गई है।

38 भवनों को बताया गया था अवैध निर्माण

रामपुर विकास प्राधिकरण की ओर से जारी नोटिस में दावा किया गया था कि जौहर यूनिवर्सिटी परिसर में बने 40 भवनों में से 38 भवन बिना आवश्यक अनुमति के निर्मित किए गए हैं। प्राधिकरण ने विश्वविद्यालय प्रशासन को निर्धारित अवधि के भीतर स्वयं इन निर्माणों को हटाने का निर्देश दिया था। ऐसा नहीं करने की स्थिति में प्रशासनिक कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई थी।

तजीन फातिमा ने कार्रवाई को बताया मनमाना

जौहर यूनिवर्सिटी की संस्थापक सदस्य और पूर्व राज्यसभा सांसद तजीन फातिमा ने प्राधिकरण की कार्रवाई पर आपत्ति जताते हुए इसे मनमाना, अलोकतांत्रिक और छात्र हितों के खिलाफ बताया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय को इस तरह निशाना बनाकर उसे कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है। उनका कहना है कि विश्वविद्यालय को प्रशासनिक नियंत्रण में लेना इतना आसान नहीं होगा और इस फैसले के खिलाफ हर कानूनी विकल्प अपनाया जाएगा।

जरूरत पड़ी तो हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट तक जाएगी लड़ाई

तजीन फातिमा ने कहा कि यदि मंडलायुक्त की अदालत से राहत नहीं मिलती है तो मामले को उच्च न्यायालय और उसके बाद उच्चतम न्यायालय तक ले जाया जाएगा। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के पक्ष में अंतिम समय तक कानूनी लड़ाई जारी रहेगी।

छात्रों को संबोधित करेंगे अखिलेश यादव

तजीन फातिमा ने यह भी जानकारी दी कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव जल्द ही रामपुर पहुंचेंगे। इस दौरान वह ध्वस्तीकरण के आदेश के विरोध में प्रदर्शन कर रहे छात्र-छात्राओं को संबोधित करेंगे और उनके समर्थन में अपनी बात रखेंगे।

 

Related posts