Weather Alert: आज कई राज्यों में भारी बारिश का खतरा! दिल्ली में तेज आंधी-बरसात का अलर्ट, IMD ने जारी की चेतावनी

नई दिल्ली: देशभर में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने रविवार, 26 जुलाई को दिल्ली समेत कई राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में भारी बारिश, तेज आंधी और आकाशीय बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार कई इलाकों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। खराब मौसम के चलते पेड़ गिरने, जलभराव और बिजली आपूर्ति बाधित होने की आशंका भी जताई गई है।

दिल्ली में शाम तक तेज बारिश और आंधी के आसार

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में रविवार शाम तक तेज बारिश और आंधी आने की संभावना है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग के मुताबिक अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

उत्तर प्रदेश और बिहार के कई जिलों में अलर्ट

उत्तर प्रदेश के मेरठ, कानपुर, गोरखपुर, प्रयागराज, बरेली, सीतापुर, हरदोई और बहराइच समेत कई जिलों में बारिश और तेज आंधी की चेतावनी जारी की गई है। लखनऊ में अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

बिहार के पटना, गया, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, पूर्णिया, भागलपुर और कटिहार समेत कई जिलों में भारी बारिश के साथ 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग ने आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका जताई है।

झारखंड, राजस्थान और मध्य प्रदेश में भी भारी बारिश की चेतावनी

झारखंड के रांची, दुमका, बोकारो, हजारीबाग और गिरिडीह समेत आसपास के इलाकों में भारी बारिश के साथ 55 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।

राजस्थान के बारां, कोटा, बूंदी, सिरोही, भीलवाड़ा, सीकर, उदयपुर, भरतपुर, अजमेर, जयपुर, जोधपुर, राजसमंद और टोंक में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है।

मध्य प्रदेश के खंडवा, देवास, छिंदवाड़ा, बेतुल, होशंगाबाद, विदिशा, बालाघाट, रीवा, सिंगरौली और उज्जैन में भारी बारिश के साथ 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक तेज हवाएं चलने की संभावना है।

गुजरात, महाराष्ट्र, पंजाब और पश्चिम बंगाल भी बारिश की चपेट में

गुजरात के नवसारी, सूरत, तापी, वलसाड, डांग, जूनागढ़, अमरेली, अहमदाबाद, बावला और भावनगर में भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है। यहां 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक हवा चलने का अनुमान है।

महाराष्ट्र के पुणे, ठाणे, मुंबई, पालघर, रत्नागिरी, बुलढाणा, अमरावती, गढ़चिरौली और गोंदिया में भारी बारिश के साथ 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक तेज हवाएं चल सकती हैं।

पंजाब के पठानकोट, होशियारपुर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, पटियाला, संगरूर, एसएएस नगर और रूपनगर में 60 से 65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने की संभावना जताई गई है।

पश्चिम बंगाल के कोलकाता, कालिम्पोंग, कूचबिहार, बीरभूम, हुगली, मुर्शिदाबाद, पुरुलिया, नादिया और दक्षिण 24 परगना में भी भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की गई है।

पहाड़ी राज्यों में भी खराब रहेगा मौसम

उत्तराखंड के चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़, नैनीताल, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, टिहरी गढ़वाल, हरिद्वार और ऋषिकेश में बारिश और तेज आंधी का अलर्ट जारी किया गया है।

जम्मू-कश्मीर के कठुआ, जम्मू, रियासी, रामबन, राजौरी, कुलगाम, पुंछ, कुपवाड़ा, बारामूला और पुलवामा में भी भारी बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है।

हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर, चंबा, सिरमौर, कांगड़ा, कुल्लू, शिमला, किन्नौर, मंडी और सोलन में भी बारिश का अनुमान है।

 

Related posts