जंतर-मंतर आंदोलन के बीच अभिजीत दीपके की बिगड़ी तबीयत! बुखार और दर्द से हुए बेहाल, समर्थकों से बोले- ‘माफ करना’

नई दिल्ली: जंतर-मंतर पर एक महीने से अधिक समय से चल रहे छात्र आंदोलन के बीच कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रमुख अभिजीत दीपके की तबीयत बिगड़ गई है। स्वास्थ्य खराब होने के कारण गुरुवार को उन्हें कुछ समय के लिए प्रदर्शन स्थल से दूर रहना पड़ा। उन्होंने समर्थकों से माफी मांगते हुए बताया कि उन्हें आराम की जरूरत है और शाम तक वापस लौटने की कोशिश करेंगे।

अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर जानकारी देते हुए बताया कि उन्हें बुखार है और पिछले कुछ दिनों से पूरे शरीर में तेज दर्द बना हुआ है। उन्होंने कहा कि अब तक वह दर्द निवारक दवाओं के सहारे आंदोलन जारी रखे हुए थे, लेकिन अब स्वास्थ्य ने साथ नहीं दिया।

एक महीने से लगातार आंदोलन में जुटे हैं दीपके

अभिजीत दीपके 20 जून से जंतर-मंतर पर चल रहे आंदोलन का नेतृत्व कर रहे हैं। बताया गया कि अमेरिका से दिल्ली पहुंचने के बाद से ही वह लगातार आंदोलन की तैयारियों और संचालन में व्यस्त रहे। आंदोलन के प्रबंधन, नेताओं से मुलाकात, रणनीति तैयार करने और पुलिस-प्रशासन व सरकार से जुड़े विभिन्न मुद्दों के कारण उन्हें लगातार भागदौड़ करनी पड़ी।

लगातार व्यस्तता, भीड़ और शोर-शराबे के बीच पर्याप्त आराम नहीं मिलने का असर उनकी सेहत पर पड़ा। पिछले कुछ दिनों में उन्हें कई बार शारीरिक असहजता का सामना करना पड़ा, लेकिन वह दवाइयों के सहारे आंदोलन में डटे रहे।

पहले भी बिगड़ चुकी थी तबीयत

इससे पहले मंगलवार रात भी अभिजीत दीपके की तबीयत खराब हुई थी। उन्हें उल्टी करते देखा गया था और मंच पर एक बार चक्कर आने की भी जानकारी सामने आई थी। इसके बावजूद उन्होंने आंदोलन जारी रखा।

समर्थकों से मांगा कुछ घंटों का समय

अभिजीत दीपके ने अपने संदेश में लिखा कि उन्हें बुखार है और पिछले कुछ दिनों से शरीर में काफी दर्द है। उन्होंने बताया कि वह दर्द निवारक दवाएं लेकर किसी तरह काम कर रहे थे। उन्होंने कहा कि यदि गुरुवार को वह जंतर-मंतर पर दिखाई न दें तो समर्थक उन्हें माफ करें, क्योंकि उन्हें कुछ घंटों के आराम और स्वास्थ्य लाभ की जरूरत है। उन्होंने यह भी कहा कि वह शाम तक प्रदर्शन स्थल पर लौटने का प्रयास करेंगे।

 

Related posts