गोरखपुर में CM योगी ने छात्रों को दी बड़ी सौगात, आयुष विश्वविद्यालय के नए हॉस्टल का किया लोकार्पण; व्यवस्थाओं का लिया जायजा

गोरखपुर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को महायोगी गुरु गोरखनाथ आयुष विश्वविद्यालय पहुंचकर दो नए छात्रावासों का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने छात्रावास की विभिन्न सुविधाओं का निरीक्षण किया, छात्र-छात्राओं से संवाद किया और पढ़ाई के साथ-साथ मेस की गुणवत्ता तथा अनुशासन बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।

दो छात्रावासों का हुआ लोकार्पण

मुख्यमंत्री ने महंत अवेद्यनाथ बालक छात्रावास और राप्ती बालिका छात्रावास का शिलापट अनावरण करने के बाद फीता काटकर उद्घाटन किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. के. रामचंद्र रेड्डी और प्रदेश के आयुष मंत्री दयाशंकर दयालु ने उनका स्वागत किया।

कमरों और मेस की व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण

लोकार्पण के बाद मुख्यमंत्री छात्रावास के भीतर पहुंचे और कमरों, मेस सहित अन्य सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने छात्र-छात्राओं को छात्रावास की चाबियां सौंपते हुए शुभकामनाएं दीं और भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई तथा अनुशासन बनाए रखने के निर्देश दिए।

छात्र-छात्राओं से किया सीधा संवाद

मुख्यमंत्री ने विभिन्न आयुर्वेदिक महाविद्यालयों से आए विद्यार्थियों से बातचीत कर उनके कॉलेज, पढ़ाई और शैक्षणिक अनुभवों की जानकारी ली। उन्होंने कई छात्र-छात्राओं से व्यक्तिगत रूप से संवाद कर उनकी पढ़ाई और विश्वविद्यालय की व्यवस्थाओं के बारे में भी पूछा।

आइटीएम आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल, महाराजगंज और एसपीएम आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज, गोंडा के विद्यार्थियों से भी मुख्यमंत्री ने बातचीत की।

निर्माणाधीन प्रेक्षागृह का भी किया निरीक्षण

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विश्वविद्यालय परिसर में निर्माणाधीन प्रेक्षागृह का भी निरीक्षण किया। इससे पहले आयुष मंत्री दयाशंकर दयालु और विश्वविद्यालय प्रशासन ने कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया था।

कार्यक्रम में सांसद रवि किशन शुक्ल, कई विधायक, जनप्रतिनिधि, विश्वविद्यालय के अधिकारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहीं।

 

Related posts