मेरठ: उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में मंगलवार सुबह दिल्ली-देहरादून हाईवे पर भीषण सड़क हादसे में तीन दोस्तों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सभी युवक दिल्ली के रहने वाले थे और हरिद्वार से गंगा स्नान कर वापस लौट रहे थे। हादसे के बाद पुलिस और स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव अभियान चलाकर कार में फंसे युवकों को बाहर निकाला।
जानकारी के अनुसार, चारों युवक एक कार से हरिद्वार गए थे। वापसी के दौरान सकौती ओवरब्रिज के पास तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। प्रारंभिक तौर पर हादसे की वजह तेज रफ्तार मानी जा रही है।
दो की मौके पर मौत, एक ने अस्पताल में तोड़ा दम
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी तथा राहत कार्य शुरू किया। जब तक सभी को कार से बाहर निकाला गया, तब तक दो युवकों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। गंभीर रूप से घायल दो युवकों को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने एक अन्य युवक को भी मृत घोषित कर दिया। चौथे घायल का उपचार जारी है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
मृतकों की हुई पहचान
पुलिस ने कार और मौके से मिले दस्तावेजों के आधार पर मृतकों और घायल की पहचान की। मृतकों की पहचान दिल्ली के करावल नगर स्थित प्रेम नगर निवासी 25 वर्षीय नितेश शर्मा, आशु और शैलेंद्र के रूप में हुई है। वहीं घायल मिथुन चौहान का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
सहारनपुर में भी सड़क हादसे में दो युवकों की मौत
इसी बीच सहारनपुर जिले के नानौता क्षेत्र में दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर भी एक और सड़क हादसा हुआ। अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने नदीम और कार्तिक को मृत घोषित कर दिया, जबकि तीसरे युवक कार्तिक का इलाज पिलखनी स्थित मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।
पुलिस के अनुसार, तीनों युवक शामली से मजदूरी का भुगतान लेकर अपने घर लौट रहे थे। दुर्घटना के बाद पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।
