Nokia का बड़ा दांव! AI बटन वाले 4 नए फीचर फोन लॉन्च, 13 दिन तक का बैटरी बैकअप और 4G कनेक्टिविटी से लैस

नई दिल्ली: फीचर फोन सेगमेंट में Nokia ने एक बार फिर बड़ा दांव खेलते हुए अपने चार नए 4G फीचर फोन बाजार में उतार दिए हैं। HMD Global ने Nokia 235 4G (2026), Nokia 215 4G (2026), Nokia 210 4G और Nokia 200 4G को चुनिंदा वैश्विक बाजारों में लॉन्च किया है। कंपनी ने इन सभी हैंडसेट्स में 4G कनेक्टिविटी, AI असिस्टेंट बटन, लंबा बैटरी बैकअप और एक्सपेंडेबल स्टोरेज जैसी सुविधाएं दी हैं।

इन सभी नए फीचर फोन्स में S30+ ऑपरेटिंग सिस्टम दिया गया है। साथ ही 1,450mAh की बैटरी, 32GB तक माइक्रोएसडी कार्ड सपोर्ट और वायर्ड तथा वायरलेस दोनों मोड में एफएम रेडियो की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। खास बात यह है कि सभी मॉडल्स में एक समर्पित AI असिस्टेंट बटन दिया गया है, जिसकी मदद से यूजर्स वॉयस कमांड के जरिए कई फीचर्स का इस्तेमाल कर सकते हैं।

कंपनी ने फिलहाल इन चारों फोन्स की कीमत और बिक्री की तारीख का खुलासा नहीं किया है। हालांकि, सभी मॉडल्स को आधिकारिक वेबसाइट पर सूचीबद्ध कर दिया गया है।

Nokia 235 4G (2026) में क्या है खास?

Nokia 235 4G (2026) में 2.8 इंच का IPS डिस्प्ले दिया गया है, जो QVGA रिजॉल्यूशन के साथ आता है। फोन के पीछे एलईडी फ्लैश के साथ 2 मेगापिक्सल का कैमरा मौजूद है, जबकि फ्रंट में VGA कैमरा दिया गया है।

यह फोन 64MB रैम और 128MB इंटरनल स्टोरेज के साथ आता है, जिसे माइक्रोएसडी कार्ड की मदद से 32GB तक बढ़ाया जा सकता है। डिवाइस में 1,450mAh की रिमूवेबल बैटरी दी गई है। कंपनी का दावा है कि यह फोन 10 घंटे तक का टॉक टाइम और 12 दिनों तक का स्टैंडबाय टाइम देने में सक्षम है।

कनेक्टिविटी के लिए इसमें ब्लूटूथ 5.0, 3.5mm हेडफोन जैक, टाइप-सी पोर्ट और एफएम रेडियो की सुविधा दी गई है। फोन 2G, 3G और 4G नेटवर्क को सपोर्ट करता है। इसका वजन 106 ग्राम है।

Nokia 215 4G (2026) के फीचर्स

Nokia 215 4G (2026) में भी 2.8 इंच का IPS डिस्प्ले दिया गया है। फोन S30+ ऑपरेटिंग सिस्टम पर काम करता है और इसमें 64MB रैम व 128MB स्टोरेज की सुविधा मिलती है। स्टोरेज को माइक्रोएसडी कार्ड के जरिए 32GB तक बढ़ाया जा सकता है।

डिवाइस में VGA फ्रंट कैमरा, 1,450mAh की रिमूवेबल बैटरी और Nokia 235 4G (2026) जैसे ही कनेक्टिविटी फीचर्स दिए गए हैं। यह मॉडल भी वायर्ड और वायरलेस दोनों मोड में एफएम रेडियो सपोर्ट करता है। फोन का वजन 104 ग्राम है।

Nokia 210 4G और Nokia 200 4G में मिलेगा लंबा बैकअप

Nokia 210 4G में 2.4 इंच का QVGA डिस्प्ले दिया गया है। फोन के पीछे एलईडी फ्लैश के साथ VGA कैमरा और सामने VGA सेल्फी कैमरा मौजूद है। इसमें 64MB रैम, 128MB इंटरनल स्टोरेज और 32GB तक माइक्रोएसडी कार्ड सपोर्ट दिया गया है।

वहीं Nokia 200 4G में भी 2.4 इंच का QVGA डिस्प्ले और VGA फ्रंट कैमरा मिलता है। यह मॉडल भी S30+ ऑपरेटिंग सिस्टम पर चलता है और 32GB तक स्टोरेज विस्तार का विकल्प देता है।

दोनों फोन्स में 1,450mAh की बैटरी दी गई है। कंपनी के अनुसार, ये डिवाइस एक बार चार्ज करने पर 9 घंटे तक का टॉक टाइम और 13 दिनों तक का स्टैंडबाय टाइम दे सकते हैं। कनेक्टिविटी के लिए ब्लूटूथ 5.0, 3.5mm हेडफोन जैक, टाइप-सी पोर्ट और एफएम रेडियो सपोर्ट उपलब्ध कराया गया है।

Nokia 210 4G का वजन 92.7 ग्राम है, जबकि Nokia 200 4G का वजन 92.3 ग्राम रखा गया है।

AI असिस्टेंट बटन से मिलेंगे स्मार्ट फीचर्स

Nokia के इन चारों नए फीचर फोन्स में दिया गया AI असिस्टेंट बटन यूजर्स के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए तैयार किया गया है। इसकी मदद से केवल वॉयस कमांड देकर फ्लैशलाइट चालू की जा सकती है, रिमाइंडर और अलार्म सेट किए जा सकते हैं। इसके अलावा कॉन्टैक्ट लिस्ट में मौजूद किसी भी व्यक्ति को सीधे कॉल करने की सुविधा भी मिलती है।

 

Related posts