मॉनसून ने पकड़ी रफ्तार: 17 राज्यों में बारिश का अलर्ट, कई इलाकों में तेज आंधी-तूफान और भारी बारिश की चेतावनी

नई दिल्ली: देशभर में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून तेजी से आगे बढ़ रहा है और इसके साथ ही मौसम का मिजाज भी तेजी से बदलने लगा है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों के दौरान देश के कई राज्यों में बारिश, तेज हवाओं और आंधी-तूफान को लेकर चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार तेलंगाना, ओडिशा, झारखंड, बिहार और छत्तीसगढ़ के कुछ और हिस्सों में अगले चार से पांच दिनों के भीतर मॉनसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं।

इन राज्यों में होगी बारिश की गतिविधि

मौसम विभाग के मुताबिक जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में 18 से 22 जून तक अधिकांश क्षेत्रों में व्यापक बारिश होने की संभावना है। वहीं 23 और 24 जून को कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की जा सकती है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी 18 से 24 जून तक रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है।

मैदानी क्षेत्रों में पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली-एनसीआर में 18 से 22 जून के बीच गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 18, 19, 23 और 24 जून को जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में 18-19 जून और फिर 22 से 24 जून के बीच बारिश के आसार हैं। राजस्थान के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में भी पूरे सप्ताह छिटपुट वर्षा की संभावना जताई गई है।

तेज हवाओं और बिजली गिरने का अलर्ट

जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इन क्षेत्रों में बिजली चमकने और 18-19 जून को ओलावृष्टि की भी आशंका जताई गई है। वहीं दिल्ली, पंजाब और हरियाणा में भी 18 से 22 जून के बीच तेज झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है।

राजस्थान में धूलभरी आंधी और चक्रवाती तूफान का खतरा

मौसम विभाग ने पश्चिमी राजस्थान के लिए विशेष चेतावनी जारी की है। 18 और 19 जून को यहां धूलभरी आंधी चल सकती है। इसके अलावा 18 जून को पश्चिमी राजस्थान और 18-19 जून को पूर्वी राजस्थान में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तीव्र चक्रवाती तूफान जैसी परिस्थितियां बनने की संभावना है। 19 जून को भी पश्चिमी राजस्थान में तेज हवाएं चलने का अनुमान है।

मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी बदलेगा मौसम

पश्चिमी मध्य प्रदेश में 18 और 19 जून को बारिश की संभावना जताई गई है। पूर्वी मध्य प्रदेश में 18-19 जून के साथ-साथ 22 से 24 जून के बीच भी वर्षा हो सकती है। छत्तीसगढ़ और विदर्भ क्षेत्र में 18 से 24 जून तक रुक-रुक कर बारिश जारी रहने का अनुमान है। इन इलाकों में तेज हवाओं और बिजली गिरने की भी चेतावनी जारी की गई है।

बंगाल, सिक्किम और ओडिशा में भारी बारिश के आसार

पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 18 से 24 जून के बीच कई स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। गंगा से सटे पश्चिम बंगाल के इलाकों में 20 जून के बाद वर्षा की गतिविधियों में और तेजी आने की संभावना है। ओडिशा में 19 और 20 जून को व्यापक और तेज बारिश का अनुमान है।

बिहार-झारखंड में भी सक्रिय रहेगा मॉनसून

बिहार और झारखंड में 18 से 24 जून तक बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। कई स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की जा सकती है, जिससे तापमान में गिरावट और उमस से राहत मिलने के आसार हैं।

 

Related posts