गोरखपुर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भूमि संबंधी मामलों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों से स्पष्ट कहा कि जमीन से जुड़े मामलों में शिकायतों के निपटारे में यदि किसी स्तर पर शिथिलता या लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित कर्मियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। गंभीर मामलों में निलंबन की कार्रवाई से भी पीछे न हटने के निर्देश दिए गए हैं।
गोरखपुर प्रवास के दौरान लगातार दूसरे दिन बुधवार सुबह आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने करीब 150 लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग अपनी शिकायतें और समस्याएं लेकर पहुंचे। मुख्यमंत्री ने एक-एक फरियादी से मिलकर उनके प्रार्थना पत्रों का अवलोकन किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
भूमि विवादों पर दिखा सख्त रुख
जनता दर्शन में कई लोगों ने भूमि संबंधी मामलों में राजस्व कर्मियों की लापरवाही की शिकायत की। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी को निर्देशित किया कि ऐसे मामलों की तत्काल जांच कराई जाए और दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों या कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि भूमि विवादों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और आम लोगों को न्याय दिलाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
इलाज के लिए सरकार करेगी हर संभव मदद
जनता दर्शन में इलाज के लिए आर्थिक सहायता मांगने वाले लोगों को मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि सरकार उनके साथ खड़ी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी पात्र और जरूरतमंद लोगों के आयुष्मान कार्ड बनवाना सुनिश्चित किया जाए, ताकि उन्हें उपचार के लिए आर्थिक परेशानी का सामना न करना पड़े।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आयुष्मान योजना के तहत सहायता मिलने के बाद भी यदि किसी मरीज को अतिरिक्त मदद की आवश्यकता होगी तो उसे मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
महिला की शिकायत पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश
कार्यक्रम के दौरान एक महिला ने कुछ लोगों द्वारा उसे उसके मकान से बेदखल किए जाने की शिकायत की। इस पर मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि महिला को उसके मकान पर वैधानिक कब्जा दिलाने की कार्रवाई तत्काल सुनिश्चित की जाए।
इसके अलावा विभिन्न शिकायतों के संबंध में प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सभी मामलों का निस्तारण समयबद्ध, निष्पक्ष और संतोषजनक तरीके से किया जाए।
आयुष्मान कार्ड बनवाने पर विशेष जोर
जनता दर्शन में एक महिला ने अपनी मां के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग की। मुख्यमंत्री ने जब उससे आयुष्मान कार्ड के बारे में पूछा तो महिला ने बताया कि उसके पास कार्ड नहीं है। इस पर मुख्यमंत्री ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को तत्काल आयुष्मान कार्ड बनवाने की प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र व्यक्ति आयुष्मान योजना के लाभ से वंचित न रहे और अधिकारियों को इस दिशा में विशेष अभियान चलाना चाहिए।
गोशाला पहुंचे मुख्यमंत्री, बच्चों को दिया आशीर्वाद
जनता दर्शन से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की और अपने गुरुदेव ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद उन्होंने मंदिर की गोशाला में पहुंचकर गोवंश को अपने हाथों से गुड़ और रोटी खिलाई।
मंदिर परिसर में भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री ने वहां मौजूद बच्चों को अपने पास बुलाया, उनसे बातचीत की और चॉकलेट वितरित की। साथ ही बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने और जीवन में आगे बढ़ने का आशीर्वाद भी दिया।
