मनीला: फिलीपीन में रविवार तड़के बड़ा हादसा हो गया। राजधानी मनीला के उत्तर में स्थित एंजिल्स सिटी में एक निर्माणाधीन 9 मंजिला इमारत अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के समय इमारत में कई मजदूर काम कर रहे थे, जिनमें से कई मलबे के नीचे दब गए हैं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़े स्तर पर राहत-बचाव अभियान शुरू किया गया।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक तेज आंधी और तूफान के दौरान यह निर्माणाधीन इमारत ढह गई। हादसे में कुछ मजदूर सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे, लेकिन अब भी कई लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका जताई जा रही है।
22 मजदूर सुरक्षित निकाले गए
पुलिस और स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि हादसे के बाद अब तक 22 मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। हालांकि कई अन्य मजदूर अब भी लापता बताए जा रहे हैं।
यह हादसा फिलीपीन के पम्पांगा प्रांत के एंजिल्स सिटी में हुआ, जो मनीला के उत्तर में स्थित है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज तूफान के बीच इमारत अचानक हिलने लगी और कुछ ही सेकंड में पूरी संरचना ढह गई।
100 से ज्यादा कर्मी राहत कार्य में जुटे
पुलिस ब्रिगेडियर जनरल जेस मेंडेज ने बताया कि मलबे में फंसे लोगों को निकालने के लिए पुलिस, दमकल विभाग और अन्य सरकारी एजेंसियों के 100 से अधिक कर्मी लगातार राहत और बचाव अभियान चला रहे हैं।
भारी मशीनों और रेस्क्यू उपकरणों की मदद से मलबा हटाया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि राहत अभियान अभी जारी है और फंसे मजदूरों को सुरक्षित निकालने की हर संभव कोशिश की जा रही है।
30 मजदूरों के फंसे होने की आशंका
एंजिल्स सिटी सूचना कार्यालय के प्रमुख जे पेलायो ने बताया कि कम से कम 30 मजदूरों के मलबे में फंसे होने की आशंका है। यह जानकारी एक ऐसे निर्माणकर्मी के हवाले से दी गई, जो हादसे के दौरान किसी तरह बाहर निकलने में सफल रहा था।
फिलहाल प्रशासन ने पूरे इलाके को घेर लिया है और लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है।
