‘चिंता मत करिए, इलाज में पूरी मदद करेगी सरकार’, जनता दर्शन में फरियादियों को भरोसा दिलाते दिखे CM योगी

गोरखपुर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार सुबह गोरखनाथ मंदिर परिसर में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए। इस दौरान गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए मदद मांगने पहुंचे लोगों को मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि उत्तर प्रदेश सरकार उनके इलाज में हरसंभव सहायता करेगी।

जनता दर्शन में करीब 200 फरियादी पहुंचे थे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खुद लोगों के बीच पहुंचे, उनकी समस्याएं सुनीं और प्रार्थना पत्र लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सभी मामलों का निस्तारण समयबद्ध, निष्पक्ष और संतोषजनक तरीके से किया जाए।

गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक मदद का भरोसा

कार्यक्रम में कई लोग गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता मांगने पहुंचे थे। एक महिला ने अपने बच्चे के इलाज में आर्थिक परेशानी और आयुष्मान कार्ड न होने की समस्या मुख्यमंत्री के सामने रखी। इस पर सीएम योगी ने उसे आश्वस्त करते हुए कहा, “चिंता मत करिए, बच्चे का इलाज जरूर होगा।”

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन जरूरतमंद लोगों के आयुष्मान कार्ड नहीं बने हैं, उनके कार्ड तत्काल बनवाए जाएं। साथ ही उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से भी इलाज के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

अफसरों को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

इलाज से जुड़े मामलों में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि अस्पतालों और इलाज का इस्टीमेट जल्द तैयार कर शासन को भेजा जाए, ताकि सहायता राशि समय पर जारी हो सके।

इसके अलावा अपराध और जमीन कब्जे से संबंधित शिकायतों पर मुख्यमंत्री ने पुलिस अधिकारियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अपराधियों और भू-माफियाओं के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

बच्चों को दुलार, चॉकलेट देकर दिया आशीर्वाद

जनता दर्शन में कई महिलाएं अपने बच्चों के साथ पहुंची थीं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बच्चों से मुलाकात की, उन्हें दुलार किया और चॉकलेट देकर आशीर्वाद भी दिया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री का मानवीय और संवेदनशील अंदाज देखने को मिला।

 

Related posts