लखनऊ के लोहिया संस्थान में बनेगा 1010 बेड का अत्याधुनिक इमरजेंसी सेंटर, योगी कैबिनेट ने दी 855 करोड़ की मंजूरी

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। योगी कैबिनेट की बैठक में गोमतीनगर स्थित राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में 1010 बेड क्षमता वाला अत्याधुनिक इमरजेंसी सेंटर बनाने की परियोजना को मंजूरी दे दी गई है।

855 करोड़ से बनेगा मल्टी स्पेशलिटी इमरजेंसी सेंटर
कैबिनेट निर्णय के अनुसार इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर कुल 855 करोड़ 4 लाख 34 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे। इस सेंटर में आधुनिक सुविधाओं से युक्त मल्टी स्पेशलिटी इमरजेंसी सेवाएं विकसित की जाएंगी, जिससे गंभीर मरीजों को त्वरित और बेहतर इलाज मिल सकेगा।

ओपीडी और टीचिंग ब्लॉक भी होगा तैयार
परियोजना के तहत मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए एक नया ओपीडी ब्लॉक भी बनाया जाएगा। इसके अलावा 200 सीटों की क्षमता वाला नया टीचिंग ब्लॉक भी विकसित किया जाएगा, जिससे मेडिकल छात्रों को आधुनिक तकनीक आधारित शिक्षा और प्रशिक्षण मिल सकेगा।

प्रदेशभर के मरीजों को मिलेगा लाभ
सरकार का कहना है कि इस नए इमरजेंसी सेंटर के निर्माण से प्रदेश के विभिन्न जिलों से आने वाले मरीजों को राजधानी में बेहतर और समय पर इलाज उपलब्ध हो सकेगा। साथ ही आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं की क्षमता भी कई गुना बढ़ जाएगी।

कैबिनेट बैठक में कई अहम फैसले भी हुए मंजूर
इस बैठक में केवल स्वास्थ्य क्षेत्र ही नहीं, बल्कि कई अन्य महत्वपूर्ण प्रस्तावों को भी मंजूरी दी गई। इनमें पंचायत चुनाव में आरक्षण के लिए ओबीसी आयोग के गठन, पशु चिकित्सा छात्रों के इंटर्नशिप भत्ते में बढ़ोतरी और मेट्रो रेल परियोजनाओं से जुड़े फैसले शामिल रहे।

पशु चिकित्सा छात्रों का इंटर्नशिप भत्ता बढ़ा
सरकार ने वेटनरी छात्रों के इंटर्नशिप भत्ते को 8 हजार रुपये से बढ़ाकर 12 हजार रुपये करने का निर्णय लिया है। इसका लाभ प्रदेश के विभिन्न पशु चिकित्सा विश्वविद्यालयों के छात्रों को मिलेगा।

आगरा मेट्रो और बिजली परियोजना को भी मंजूरी
कैबिनेट ने आगरा मेट्रो रेल परियोजना के तहत जमीन हस्तांतरण को मंजूरी दी है। वहीं मिर्जापुर में लगभग 2800 करोड़ रुपये की बिजली परियोजना और नए सबस्टेशन निर्माण के प्रस्ताव को भी स्वीकृति मिली है।

Related posts