उन्नाव। बीआरसी हसनगंज में बेसिक शिक्षा विभाग के तत्वावधान में एलिम्को कानपुर द्वारा दिव्यांग बच्चों के लिए सहायक उपकरण वितरण शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मोहान विधानसभा क्षेत्र के विधायक बृजेश रावत ने सहभागिता करते हुए परिषदीय विद्यालयों में अध्ययनरत दिव्यांग बच्चों को उनकी
आवश्यकतानुसार विभिन्न प्रकार के सहायक उपकरण वितरित किए।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य दिव्यांग बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना, उनका आत्मविश्वास बढ़ाना और उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित करना है।
सहायक उपकरण प्राप्त कर बच्चों के चेहरों पर खुशी देखने को मिली। बच्चों की मुस्कान और उनके उज्ज्वल भविष्य की उम्मीद ने कार्यक्रम को भावुक एवं प्रेरणादायक बना दिया।
इस अवसर पर विधायक बृजेश रावत ने दिव्यांग बच्चों को बेहतर शिक्षा और समान अवसर उपलब्ध कराने के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने ऐसी पहल को बच्चों के भविष्य को संवारने की दिशा में सराहनीय कदम बताया।
कार्यक्रम में खंड शिक्षा अधिकारी हसनगंज दीपेश कुमार, जिला समन्वयक शशि प्रभा श्रीवास्तव, स्पेशल एजुकेटर विनोद द्विवेदी, एआरपी अर्पित, प्रमोद एवं शैलेंद्र सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
दिव्यांग बच्चों को शिक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता के समान अवसर उपलब्ध कराना ही समावेशी एवं सशक्त समाज के निर्माण की मजबूत आधारशिला है।
