कोटेदार ने खुद दवा खाकर की एमडीए अभियान की शुरुआत

उन्नाव। फाइलेरिया उन्मूलन के लिए चलाए जा रहे सर्वजन दवा सेवन (एमडीए) अभियान के तहत उन्नाव के नवई क्षेत्र में राशन वितरण केंद्र पर जागरूकता बूथ लगाने के साथ घर-घर संपर्क कर लोगों को दवा सेवन के लिए प्रेरित किया गया। आयुष्मान आरोग्य मंदिर (आम) नवई के अंतर्गत झलोतर गांव में कोटेदार फिरोज आलम ने स्वयं फाइलेरिया रोधी दवा खाकर लोगों को दवा सेवन का संदेश दिया। इस दौरान राशन लेने पहुंचे लोगों को फाइलेरिया की गंभीरता और इससे बचाव के लिए दवा खाने का महत्व बताया गया। बूथ के माध्यम से कुल 26 लोगों को दवा खिलाई गई।


सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) गरिमा के नेतृत्व में रोगी हितधारक मंच (पीएसपी) के सदस्य एवं कोटेदार फिरोज आलम, ग्राम सचिव जावेद खान और आशा कार्यकर्ता बसंती व कलावती के सहयोग से यह गतिविधि आयोजित की गई। इस दौरान दवा खाने से इनकार करने वाले (Refusal), पिछले अभियानों में छूटे हुए और कभी फाइलेरिया रोधी दवा नहीं खाने वाले (Never Taken) लोगों पर विशेष ध्यान दिया गया। इनमें 13 इनकार करने वाले, 8 छूटे हुए और 5 नेवर टेकन लोगों को दवा खिलाई गई।


इसी क्रम में आम नवई में सीएचओ, पीएसपी सदस्य एवं जिला कोर ग्रुप (डीसीजी) की सदस्य समूह सखी सोनी, आशा जयश्री और वालंटियर पारुल ने घर-घर जाकर लोगों को फाइलेरिया की गंभीरता और इससे बचाव के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने परिवार के सभी पात्र सदस्यों को दवा सेवन के लिए प्रेरित किया, ताकि कोई भी व्यक्ति अभियान में दवा खाने से छूटने न पाए। इस दौरान 11 इनकार करने वाले, 14 छूटे हुए और 3 नेवर टेकन लोगों सहित कुल 28 लोगों को दवा खिलाई गई।
नोडल अधिकारी डॉ. जे.आर. सिंह ने बताया कि एमडीए अभियान की सफलता के लिए जरूरी है कि कोई भी पात्र व्यक्ति फाइलेरिया रोधी दवा खाने से छूटने न पाए।

विशेष रूप से उन लोगों पर ध्यान दिया जा रहा है, जो पहले दवा खाने से इनकार करते रहे हैं या जिन्होंने पिछले अभियानों में कभी दवा नहीं खाई है। ऐसे लोगों से संवाद कर उनकी शंकाओं और भ्रांतियों को दूर किया जा रहा है। राशन वितरण केंद्र जैसे सामुदायिक स्थानों पर बूथ लगाने और घर-घर संपर्क करने से अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचने में मदद मिल रही है। कोटेदार फिरोज आलम ने स्वयं दवा खाकर अच्छी पहल की है। समुदाय के प्रभावशाली लोगों की भागीदारी से लोगों को दवा सेवन के लिए बेहतर तरीके से प्रेरित किया जा सकता है।

Related posts