सैकड़ों वर्ष पुराने महिषासुर मंदिर तक कब पहुंचेगी विकास की राह

नवाबगंज उन्नाव। क्षेत्र अंतर्गत जैतीपुर आस्था का केंद्र और सैकड़ों वर्ष पुराना प्रसिद्ध महिषासुर मंदिर आज भी पक्के रास्ते की बाट जोह रहा है। ग्राम जैतीपुर स्थित इस प्राचीन मंदिर में प्रतिवर्ष मेले का आयोजन होता है, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए पहुंचते हैं।

लेकिन मंदिर तक पहुंचने वाला लगभग 900 मीटर लंबा कच्चा मार्ग श्रद्धालुओं के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। ग्रामीणों के अनुसार, बारिश के मौसम में इस मार्ग पर कीचड़ और फिसलन की समस्या बढ़ जाती है।

ऐसे में बुजुर्गों, महिलाओं, बच्चों और दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को मंदिर तक पहुंचने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। हाल ही में बारिश के कारण प्रभावित मेले का आयोजन दोबारा किया गया, लेकिन मंदिर तक सुगम आवागमन की समस्या अब भी बनी हुई है।

ग्रामीणों का कहना है कि रास्ते के निर्माण को लेकर पूर्व में कई जनप्रतिनिधियों ने आश्वासन दिए, लेकिन अब तक पक्के मार्ग का निर्माण नहीं हो सका। नारायन रावत, राकेश पटवा, मंसाराम शुक्ला और नफीस मंसूरी सहित अन्य ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों से मंदिर तक पक्की सड़क बनवाने की मांग की है।

ग्रामीणों का कहना है कि जब आस्था के इस प्राचीन केंद्र पर हजारों लोगों की श्रद्धा जुड़ी है, तो यहां तक पहुंचने का रास्ता भी सुरक्षित और सुगम होना चाहिए। ग्रामीणों को उम्मीद है कि जिम्मेदार अधिकारी इस जनसमस्या पर ध्यान देंगे और महिषासुर मंदिर तक पक्के मार्ग का निर्माण कराकर श्रद्धालुओं को राहत दिलाएंगे।

Related posts