ट्रंप परिवार में शादी, लेकिन राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप नहीं हुए शामिल, जानिए कौन हैं ट्रंप जूनियर और बेटिना एंडरसन

वॉशिंगटन/फ्लोरिडा: अमेरिका की राजनीति और कारोबारी जगत से जुड़ा एक बड़ा निजी समारोह चर्चा में है, जहां अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बेटे डोनाल्ड ट्रंप जूनियर ने फ्लोरिडा में सोशलाइट बेटिना एंडरसन से शादी कर ली। हालांकि, अमेरिका-ईरान के बीच बढ़ते तनाव और सरकारी व्यस्तताओं के चलते राष्ट्रपति ट्रंप इस शादी समारोह में शामिल नहीं हो सके।

राष्ट्रपति ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर कहा कि वह अपने बेटे की शादी में शामिल होना चाहते थे, लेकिन देश और सरकार से जुड़े अहम कामों के कारण उन्हें व्हाइट हाउस में ही रहना पड़ा। उन्होंने यह भी कहा कि यह समय अमेरिका के लिए बेहद संवेदनशील है।

फ्लोरिडा में हुआ निजी विवाह समारोह

जानकारी के अनुसार डोनाल्ड ट्रंप जूनियर और बेटिना एंडरसन का विवाह फ्लोरिडा के वेस्ट पाम बीच में हुआ। पाम बीच काउंटी के रिकॉर्ड से इस शादी की पुष्टि हुई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, शादी का एक निजी समारोह बहामास में भी आयोजित किया जाना प्रस्तावित है।

कौन हैं डोनाल्ड ट्रंप जूनियर?

डोनाल्ड ट्रंप जूनियर, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सबसे बड़े बेटे हैं और वर्तमान में ट्रंप ऑर्गेनाइजेशन में अहम भूमिका निभा रहे हैं। वह वर्ष 2001 से पारिवारिक व्यवसाय से जुड़े हुए हैं और रियल एस्टेट, होटल और गोल्फ प्रोजेक्ट्स के संचालन में सक्रिय भागीदारी निभाते हैं।

वह अपने भाई एरिक ट्रंप के साथ मिलकर ट्रंप ऑर्गेनाइजेशन के वैश्विक कारोबार का संचालन करते हैं। यह ट्रंप जूनियर की दूसरी शादी है। इससे पहले उन्होंने वर्ष 2005 में वेनेसा से विवाह किया था, जिनसे उनके पांच बच्चे हैं। दोनों का तलाक 2018 में हुआ था। बाद में उनकी सगाई पूर्व फॉक्स न्यूज एंकर किम्बर्ली गुइलफॉयल से हुई, हालांकि 2024 में उनका रिश्ता समाप्त हो गया।

कब सामने आया ट्रंप जूनियर और बेटिना का रिश्ता

डोनाल्ड ट्रंप जूनियर और बेटिना एंडरसन का रिश्ता पहली बार अगस्त 2024 में चर्चा में आया था। दिसंबर 2024 में दोनों को फ्लोरिडा के पाम बीच में साथ देखा गया, जिसके बाद उनके रिश्ते की अटकलें तेज हो गईं। फरवरी 2025 तक दोनों के संबंधों को लेकर यह दावा किया जाने लगा कि रिश्ता काफी गंभीर हो चुका है, और बाद में व्हाइट हाउस के एक कार्यक्रम में सगाई की खबर भी सामने आई।

कौन हैं बेटिना एंडरसन?

बेटिना एंडरसन का संबंध फ्लोरिडा के प्रतिष्ठित और प्रभावशाली परिवार से है। उनके पिता हैरी लॉय एंडरसन जूनियर एक प्रमुख बैंकर और समाजसेवी थे, जिन्होंने मात्र 26 वर्ष की उम्र में अमेरिका के सबसे युवा बैंक अध्यक्ष बनने का रिकॉर्ड बनाया था। उनकी मां इंगर एंडरसन भी सामाजिक कार्यों से जुड़ी रही हैं।

बेटिना का जन्म दिसंबर 1986 में हुआ था। उन्होंने कोलंबिया यूनिवर्सिटी से आर्ट हिस्ट्री की पढ़ाई की है। वह मॉडलिंग और सोशलाइट के रूप में भी जानी जाती हैं और कई फैशन व मैगजीन शूट्स में नजर आ चुकी हैं।

इसके अलावा बेटिना अपने भाइयों के साथ मिलकर ‘द पैराडाइज फंड’ नाम की संस्था चलाती हैं, जो पर्यावरण संरक्षण और आपदा राहत कार्यों पर काम करती है। वह वर्तमान में इस संस्था की कार्यकारी निदेशक के रूप में जिम्मेदारी निभा रही हैं।

 

Related posts