यूपी को मिलेगी मेट्रो की बड़ी सौगात! लखनऊ, कानपुर और आगरा में होगा नेटवर्क विस्तार, पार्किंग की समस्या भी होगी खत्म

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के तीन प्रमुख शहरों लखनऊ, कानपुर और आगरा में मेट्रो नेटवर्क का बड़े स्तर पर विस्तार किए जाने की तैयारी शुरू हो गई है। यात्रियों की जरूरत और शहरों के बढ़ते दायरे को ध्यान में रखते हुए नई विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार की जा रही है। प्रस्तावित योजना के तहत लखनऊ में 170 किलोमीटर, कानपुर में 83 किलोमीटर और आगरा में 89 किलोमीटर तक मेट्रो नेटवर्क विकसित करने का खाका तैयार किया जा रहा है।

इस संबंध में यूपी मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के प्रबंध निदेशक ने उच्चस्तरीय बैठक में जानकारी दी। बैठक में मेट्रो विस्तार के साथ-साथ यात्रियों की सुविधाओं को बेहतर बनाने पर भी विशेष जोर दिया गया।

मेट्रो स्टेशनों के आसपास बनेंगी नई पार्किंग सुविधाएं

बैठक में यह निर्णय लिया गया कि मेट्रो स्टेशनों के आसपास पार्किंग व्यवस्था को मजबूत करने के लिए भूमि चिन्हित की जाएगी और जरूरत के अनुसार मल्टीलेवल पार्किंग का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए लखनऊ में 17, कानपुर में 24 और आगरा में 19 अतिरिक्त पार्किंग स्थलों की पहचान की गई है।

नगर निगम और विकास प्राधिकरणों को इन पार्किंग स्थलों के विकास की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। संबंधित एजेंसियां भूमि उपलब्ध कराने और निर्माण कार्य को आगे बढ़ाने का काम करेंगी।

दूसरे चरण की परियोजनाओं पर भी तेजी से काम

बैठक के बाद कार्यक्रम कार्यान्वयन विभाग ने लखनऊ, कानपुर और आगरा के मंडलायुक्तों के साथ आवास, नगर विकास, पर्यटन और परिवहन विभाग को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। इन तीनों शहरों में मेट्रो परियोजना के दूसरे चरण का कार्य भी विभिन्न स्तरों पर जारी है।

कानपुर में जल्द शुरू होगी सेंट्रल से नौबस्ता तक मेट्रो सेवा

कानपुर के यात्रियों का इंतजार भी जल्द समाप्त हो सकता है। कानपुर सेंट्रल से नौबस्ता तक मेट्रो के विस्तारित रूट पर यात्री सेवाएं शुरू करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गई है। मेट्रो रेल संरक्षा आयुक्त (सीएमआरएस) की चार सदस्यीय तकनीकी टीम ने तीन दिनों तक प्रारंभिक निरीक्षण और सर्वेक्षण का कार्य पूरा कर लिया है।

अब इस निरीक्षण की रिपोर्ट सीएमआरएस को सौंपी जाएगी। उम्मीद जताई जा रही है कि करीब एक सप्ताह बाद सीएमआरएस स्वयं मुख्य निरीक्षण के लिए पहुंचेंगे। उनकी रिपोर्ट मिलने के चार दिन बाद इस रूट पर मेट्रो संचालन शुरू किया जा सकता है।

प्रधानमंत्री कर सकते हैं विस्तारित सेक्शन का लोकार्पण

सूत्रों के मुताबिक कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे परियोजना के साथ मेट्रो के विस्तारित सेक्शन का लोकार्पण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किए जाने की संभावना है। 11 से 13 जून तक चले निरीक्षण के दौरान तकनीकी टीम ने ट्रैक, सुरंगों, स्टेशनों, सिग्नलिंग सिस्टम, विद्युत व्यवस्था और यात्री सुरक्षा मानकों की विस्तृत जांच की।

जांच के दौरान अधिकांश व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप पाई गईं, जिससे परियोजना को जल्द मंजूरी मिलने की उम्मीद बढ़ गई है।

कानपुर मेट्रो से जुड़ेंगे सात नए स्टेशन

वर्तमान में कानपुर मेट्रो आईआईटी से कानपुर सेंट्रल तक संचालित हो रही है। नौबस्ता सेक्शन शुरू होने के बाद झकरकटी, ट्रांसपोर्टनगर, बारादेवी, किदवई नगर, वसंत विहार, बौद्ध नगर और नौबस्ता सहित सात नए स्टेशन नेटवर्क से जुड़ जाएंगे।

इसके साथ ही कानपुर मेट्रो नेटवर्क में स्टेशनों की संख्या 14 से बढ़कर 21 हो जाएगी। नए रूट के शुरू होने से दक्षिणी कानपुर के लाखों यात्रियों को सेंट्रल स्टेशन, बड़ा चौराहा, परेड, कलेक्ट्रेट, कचहरी, हैलट अस्पताल और विश्वविद्यालय क्षेत्र तक तेज, सुरक्षित और जाम-मुक्त यात्रा की सुविधा मिलेगी।

सीएमआरएस की मंजूरी के बाद खुलेगा रास्ता

यूपीएमआरसी के संयुक्त महाप्रबंधक (जनसंपर्क) पंचाचनन मिश्र के अनुसार, तकनीकी टीम ने मुख्य परीक्षण से पहले सभी तैयारियों का आकलन किया है और अपनी रिपोर्ट सौंपेगी। सीएमआरएस के अंतिम निरीक्षण और हरी झंडी मिलने के बाद सेंट्रल से नौबस्ता तक का पूरा मेट्रो रूट यात्रियों के लिए खोल दिया जाएगा।

 

Related posts