उन्नाव में 154वें रामलीला महोत्सव का भव्य आयोजन 17 अक्टूबर से, 1873 से चली आ रही परंपरा फिर होगी जीवंत

मोती नगर हनुमान मंदिर से दोपहर 12 बजे निकलेगी शोभायात्रा, सैकड़ों श्रद्धालुओं के साथ रामलीला मैदान पहुंचेगी

उन्नाव। जनपद उन्नाव की ऐतिहासिक और धार्मिक परंपरा को आगे बढ़ाते हुए 154वें रामलीला महोत्सव का आयोजन 17 अक्टूबर से किया जाएगा। वर्ष 1873 से लगातार चली आ रही रामलीला की इस परंपरा को लेकर तैयारियां की जा रही हैं। महोत्सव के शुभारंभ के अवसर पर भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालु शामिल होंगे।

आयोजन समिति की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, 17 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे मोती नगर स्थित हनुमान मंदिर से शोभायात्रा प्रारंभ होगी, जो विभिन्न मार्गों से होते हुए रामलीला मैदान पहुंचेगी। इसके साथ ही रामलीला महोत्सव का भव्य शुभारंभ होगा। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है।

महोत्सव को लेकर आयोजित प्रेस वार्ता में आयोजन से जुड़ी जानकारी साझा की गई। इस दौरान अध्यक्ष संजय राठी, नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि प्रवीण मिश्रा भानू, भाजपा नेता विमल द्विवेदी, भारतीय सर्व धर्म संसद प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र वर्मा (बाबा)पूर्व चेयरमैन रामचंद्र गुप्ता, जसमीत अरोड़ा, विशाल गुप्ता, चंद्र प्रकाश अवस्थी मनीष सेंगर, सहित आयोजन समिति के तमाम सदस्य मौजूद रहे।

उन्नाव की यह ऐतिहासिक रामलीला धार्मिक आस्था के साथ-साथ जनपद की सांस्कृतिक विरासत का भी प्रतीक है। वर्ष 1873 से चली आ रही इस परंपरा का 154वें वर्ष में आयोजन शहरवासियों के लिए विशेष महत्व रखता है। महोत्सव के माध्यम से भगवान श्रीराम के आदर्शों और भारतीय संस्कृति की परंपरा को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

Related posts