चेन्नई में TVK नेता की बीच सड़क पर बेरहमी से हत्या, 6 लोगों के गैंग ने धारदार हथियारों से किया हमला

चेन्नई: तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई में हाल ही में TVK में शामिल हुए कन्नन की बीच सड़क पर हत्या कर दी गई। शनिवार रात वन्ननदुरई इलाके में छह लोगों के एक गैंग ने उन पर धारदार हथियारों से हमला किया। हमले में कन्नन की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

दफ्तर जाते समय घेरकर किया हमला

पुलिस के मुताबिक, कन्नन घर से निकलकर रामास्वामी एवेन्यू स्थित अपने दफ्तर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान छह लोगों के गैंग ने उन्हें घेर लिया और धारदार हथियारों से कई वार किए। हमले के बाद कन्नन ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।

पांच संदिग्धों से पूछताछ, आरोपियों की तलाश जारी

घटना की सूचना मिलते ही शास्त्री नगर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। हत्यारों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने पांच विशेष टीमें बनाई हैं। घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फिलहाल पांच संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है।

कन्नन का रहा है आपराधिक इतिहास

पुलिस के अनुसार, कन्नन की भी आपराधिक पृष्ठभूमि रही है। करीब आठ साल पहले इसी इलाके के शिवा और वेलु की हत्या से जुड़े एक मामले में कन्नन के खिलाफ केस चल रहा था। पुलिस अब इसी आपराधिक पृष्ठभूमि समेत हत्या के पीछे की वजहों की भी जांच कर रही है।

हाल ही में TVK में हुए थे शामिल

कन्नन कुछ ही समय पहले TVK में शामिल हुए थे। पार्टी में शामिल होने के बाद उनकी हत्या ने इलाके में सनसनी फैला दी है। पुलिस फिलहाल सीसीटीवी फुटेज और संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

 

Related posts