बागपत में भीषण सड़क हादसा, श्रद्धालुओं से भरी गाड़ी डिवाइडर से टकराकर पलटी; 6 की मौत, करीब 30 घायल

बागपत: उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेस-वे पर देर रात श्रद्धालुओं से भरी एक पिकअप गाड़ी डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई। खेकड़ा थाना क्षेत्र में बड़ागांव कट के पास हुए इस दर्दनाक हादसे में अब तक 6 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि करीब 30 लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों में कई की हालत गंभीर है और उन्हें अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

राजस्थान से बदायूं जा रहे थे श्रद्धालु

जानकारी के मुताबिक, गाड़ी में सवार श्रद्धालु राजस्थान से जनपद बदायूं की ओर जा रहे थे। देर रात करीब 12:30 बजे डायल-112 के जरिए पुलिस को हादसे की सूचना मिली। सूचना मिलते ही खेकड़ा थाना पुलिस के साथ चार पीआरवी और एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं।

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। पुलिस और स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव अभियान चलाकर दुर्घटनाग्रस्त वाहन में फंसे श्रद्धालुओं को बाहर निकाला।

घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में कराया गया भर्ती

हादसे में घायल लोगों को तत्काल उपचार के लिए सीएचसी खेकड़ा, सीएचसी बागपत और जिला अस्पताल बागपत भेजा गया। गंभीर रूप से घायल कुछ लोगों को चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया है।

हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों में भी हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके पर यातायात व्यवस्था संभाली और एक्सप्रेस-वे पर आवागमन सुचारू कराया। मृतकों की पहचान और उनके परिजनों से संपर्क करने की कार्रवाई भी जारी है।

मेरठ मेडिकल कॉलेज में 14 गंभीर घायल भर्ती

हादसे में गंभीर रूप से घायल 14 लोगों को मेरठ मेडिकल कॉलेज लाया गया। मेडिकल कॉलेज के सीएमएस अजीत चौधरी के मुताबिक, हादसे में अब तक 6 लोगों की मौत हुई है। मृतकों में एक बच्चा भी शामिल है। सभी घायलों को मेडिकल कॉलेज की आपातकालीन इकाई में भर्ती कराया गया है।

हादसे की वजह की जांच में जुटी पुलिस

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराया और इसके बाद पलट गया। हालांकि हादसा किस वजह से हुआ, इसकी विस्तृत जांच पुलिस कर रही है। पुलिस ने मृतकों और घायलों के परिजनों की सहायता के लिए संपर्क नंबर 9454417383 जारी किया है। परिजन इस नंबर पर संपर्क कर हादसे में घायल या मृत लोगों के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

 

Related posts