बाराबंकी में दर्दनाक सड़क हादसा, कैंची धाम जा रही इनोवा ट्रेलर से टकराई; 4 श्रद्धालुओं की मौत

बाराबंकी: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में मंगलवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा हैदरगढ़ क्षेत्र में हुआ, जहां तेज रफ्तार इनोवा कार आगे चल रहे ट्रेलर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए।

जानकारी के मुताबिक हादसा रात करीब 2:30 बजे हुआ। इनोवा सुल्तानपुर से लखनऊ की ओर जा रही थी। इसी दौरान हैदरगढ़ इलाके में आगे चल रहे ट्रेलर से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में कार में सवार सात लोगों में से चार की मौके पर ही मौत हो गई।

कैंची धाम दर्शन के लिए जा रहे थे सभी यात्री

बताया जा रहा है कि हादसे का शिकार हुए सभी लोग उत्तराखंड स्थित कैंची धाम दर्शन के लिए जा रहे थे। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग भी घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव अभियान शुरू किया गया। कार में फंसे लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।

तीन घायलों की हालत गंभीर

हादसे में घायल तीन लोगों को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हैदरगढ़ ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए ट्रॉमा सेंटर केजीएमयू, लखनऊ रेफर कर दिया गया।

पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही हादसे के कारणों की जांच भी शुरू कर दी गई है।

टक्कर इतनी भीषण थी कि उड़ गए गाड़ी के परखच्चे

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा बेहद भयावह था। टक्कर के बाद इनोवा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और अचानक ब्रेक लगने की आशंका सामने आ रही है, हालांकि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

 

Related posts