सिद्धार्थनगर: उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले में एक घर से बड़ी संख्या में जहरीले सांपों के बच्चे निकलने से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। सदर थाना क्षेत्र के महापाली गांव स्थित एक मकान में लगातार दो दिनों से सांप के बच्चे निकल रहे हैं। अब तक 31 सपोलों को पकड़ा जा चुका है, जबकि आशंका है कि घर में अभी और सांप मौजूद हैं। इसी वजह से पूरे मकान की खुदाई कराई जा रही है।
मामला अजय कुमार गुप्ता के घर का है। मंगलवार रात अचानक कमरे में एक जहरीले गेहूंअन सांप का बच्चा दिखाई दिया। परिवार ने उसे मार दिया, लेकिन कुछ ही देर बाद दो और सपोले नजर आए। लगातार सांप निकलने से परिवार घबरा गया और तुरंत सांप पकड़ने वाले को बुलाया गया।
घर की खुदाई में सामने आई चौंकाने वाली वजह
सांप पकड़ने वाले ने जब कमरे की खुदाई शुरू की तो एक के बाद एक कई सांप के बच्चे निकलने लगे। जांच के दौरान सामने आया कि घर में एक नागिन ने बसेरा बना रखा था और उसने करीब 48 अंडे दिए थे। अंडों से निकले बच्चे धीरे-धीरे बड़े होने के बाद बाहर निकलने लगे।
बुधवार शाम तक कुल 31 सांप के बच्चों को पकड़ लिया गया। हालांकि घर के अन्य हिस्सों की खुदाई अभी भी जारी है और बीच-बीच में अन्य सांप भी मिल रहे हैं।
वन विभाग को दी गई सूचना
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। पूरे गांव में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। बुधवार सुबह भी सांप निकलने का सिलसिला जारी रहने पर मामले की सूचना वन विभाग को दी गई।
परिवार ने सुनाई दहशत भरी रात की कहानी
परिवार के मुखिया अजय कुमार गुप्ता ने बताया कि रात में सभी लोग घर में बैठे थे, तभी कमरे में एक जहरीले गेहूंअन सांप का बच्चा दिखाई दिया। उसके बाद लगातार अन्य सपोले भी निकलने लगे। जब सांप पकड़ने वाले ने खुदाई की तो दो दर्जन से अधिक सांप के बच्चे बाहर निकले।
उन्होंने बताया कि इतने अधिक सांप देखने के बाद पूरा परिवार डर गया और घर छोड़कर बाहर आ गया। फिलहाल कोई भी सदस्य मकान के अंदर जाने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहा है। घर के बाकी कमरों की खुदाई अभी जारी है और वहां से भी सांप मिलने की संभावना बनी हुई है।
पहले भी सामने आ चुका है ऐसा मामला
हाल ही में उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले के लोहदी खुर्द गांव से भी ऐसा ही मामला सामने आया था, जहां एक घर से 35 सांप निकलने का वीडियो सामने आया था। उस घटना में भी बड़ी संख्या में सांप मिलने से इलाके में दहशत का माहौल बन गया था।
