उड़ते विमान की तस्वीर लेना पड़ा भारी, दुबई में गोपालगंज के युवक को 10 साल की सजा

गोपालगंज: बिहार के गोपालगंज जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां दुबई में काम करने गए एक युवक को उड़ते विमान की तस्वीर खींचकर सोशल मीडिया पर पोस्ट करना बेहद महंगा पड़ गया। दुबई की अदालत ने युवक को देश की सुरक्षा से जुड़े मामले में दोषी मानते हुए 10 साल की सजा सुनाई है। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में मातम जैसा माहौल है और परिजन अब बेटे की भारत वापसी के लिए प्रशासन से मदद की गुहार लगा रहे हैं।

रोजगार के लिए गया था दुबई

जानकारी के मुताबिक, गोपालगंज के नगर थाना क्षेत्र स्थित रफी इंदरवा गांव निवासी अमीरुल मियां का बेटा वसीम अकरम करीब 22 महीने पहले रोजगार की तलाश में दुबई गया था। वसीम वहां काम कर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहा था और नियमित रूप से घर पैसे भी भेजता था।

सोशल मीडिया पोस्ट बना मुसीबत की वजह

बताया जा रहा है कि अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच चल रहे तनावपूर्ण माहौल के दौरान वसीम ने दुबई में उड़ रहे एक विमान की तस्वीर अपने मोबाइल फोन से खींच ली थी। बाद में उसने उस तस्वीर को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर अपलोड कर दिया। इसी पोस्ट को लेकर उस पर कार्रवाई की गई।

नमाज पढ़ने निकला था, पुलिस ने कर लिया गिरफ्तार

मिली जानकारी के अनुसार, वसीम जब नमाज पढ़ने के लिए बाहर निकला था, तभी दुबई के रसल खेमा रम्स पुलिस स्टेशन की पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। मामले की सुनवाई के दौरान दुबई की अदालत ने इसे गंभीर सुरक्षा से जुड़ा मामला मानते हुए वसीम अकरम को 10 साल की सजा सुना दी।

परिजनों ने प्रशासन से लगाई मदद की गुहार

घटना की खबर जैसे ही गोपालगंज स्थित परिवार तक पहुंची, घर में सन्नाटा पसर गया। परिजनों ने जिलाधिकारी से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी दी और बेटे को सुरक्षित भारत वापस लाने की अपील की है।

केंद्र सरकार को भेजी गई पूरी रिपोर्ट

सूत्रों के मुताबिक, जिला प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए केंद्रीय गृह मंत्रालय और विदेश मंत्रालय को विस्तृत जानकारी भेज दी है। साथ ही वसीम अकरम की स्वदेश वापसी और आवश्यक कानूनी सहायता को लेकर जरूरी कदम उठाने की सिफारिश भी की गई है।

 

Related posts