कर्नाटक को आज 15,600 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की सौगात देंगे PM मोदी, बेंगलुरु मेट्रो की पिंक लाइन और वंदे भारत को दिखाएंगे हरी झंडी

बेंगलुरु: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को कर्नाटक के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह राज्य को 15,600 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। इन परियोजनाओं में बेंगलुरु मेट्रो की पिंक लाइन, नवीकरणीय ऊर्जा, एलपीजी भंडारण केंद्र, रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास और वंदे भारत एक्सप्रेस जैसी योजनाएं शामिल हैं। प्रधानमंत्री कई परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करने के साथ कुछ योजनाएं राष्ट्र को समर्पित भी करेंगे।

ऐसा रहेगा PM मोदी का पूरा कार्यक्रम

प्रधानमंत्री का कार्यक्रम सुबह 10 बजकर 45 मिनट से शुरू होगा। सबसे पहले वह बेंगलुरु स्थित प्रशांति कुटीरम पहुंचेंगे। यहां स्वामी विवेकानंद योग अनुसंधान संस्थान के आवासीय मुख्यालय परिसर के स्वर्ण जयंती समारोह में हिस्सा लेंगे। इसके साथ ही वह एच.वी. शेषाद्रि की जन्म शताब्दी समारोह में भी शामिल होंगे। इस अवसर पर स्वर्ण जयंती प्रशासनिक खंड की आधारशिला रखी जाएगी।

इसके बाद दोपहर 12 बजकर 45 मिनट पर प्रधानमंत्री तवरेकेरे से आईआईएम-बेंगलुरु तक मेट्रो की पिंक लाइन के 7.5 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड सेक्शन को हरी झंडी दिखाएंगे। इस हिस्से के निर्माण पर करीब 3,470 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। प्रधानमंत्री इस मेट्रो लाइन पर सफर भी करेंगे।

दोपहर 1 बजकर 15 मिनट पर बेंगलुरु में आयोजित कार्यक्रम के दौरान वह 15,600 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे। इस मौके पर प्रधानमंत्री जनसभा को भी संबोधित करेंगे।

इसके बाद मोदी मैसूरु के लिए रवाना होंगे। दोपहर 3 बजकर 30 मिनट पर वह भारत वन में वृक्षारोपण कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। शाम 4 बजे कॉसमॉस-मैसूरु तारामंडल का उद्घाटन करेंगे। इसे भारत का पहला एलईडी डोम तारामंडल बताया गया है।

मंगलुरु में देश का सबसे बड़ा भूमिगत LPG भंडारण केंद्र

प्रधानमंत्री मंगलुरु में करीब 850 करोड़ रुपये की लागत से तैयार भारत के सबसे बड़े भूमिगत एलपीजी भंडारण केंद्र को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इस केंद्र की भंडारण क्षमता 80 हजार मीट्रिक टन है। परियोजना के तहत न्यू मैंगलोर पोर्ट को मुख्य टर्मिनल से जोड़ने वाली 9.4 किलोमीटर लंबी एलपीजी पाइपलाइन भी शामिल है।

इस सुविधा से एलपीजी के भंडारण और आपूर्ति व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है। ऊर्जा क्षेत्र से जुड़ी अन्य परियोजनाएं भी प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का हिस्सा हैं।

चार रेलवे स्टेशनों का होगा उद्घाटन, वंदे भारत को भी हरी झंडी

रेलवे क्षेत्र में भी कर्नाटक को नई सुविधाएं मिलेंगी। प्रधानमंत्री अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित चार रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन करेंगे। इनमें चामराजनगर, चिक्कमंगलुरु, सकलेशपुर और सुब्रह्मण्य रोड स्टेशन शामिल हैं।

इसके अलावा प्रधानमंत्री बेंगलुरु-मंगलुरु-मडगांव वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इस ट्रेन से कर्नाटक और गोवा के बीच रेल संपर्क को नई सुविधा मिलने की उम्मीद है।

प्रधानमंत्री के इस दौरे में शहरी परिवहन, ऊर्जा भंडारण और रेलवे बुनियादी ढांचे से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं शामिल हैं। इनके जरिए कर्नाटक में परिवहन और सार्वजनिक सुविधाओं के विस्तार पर जोर दिया जाएगा।

Related posts