बांगरमऊ, उन्नाव। क्षेत्र के संडीला रोड स्थित आर एस इंटर कॉलेज में जनगणना 2027 के द्वितीय चरण का प्रशिक्षण कार्य प्रगति पर है। इस अवसर पर सोमवार को विद्यालय के बच्चों द्वारा रंगोली के माध्यम से जनगणना के महत्व पर प्रकाश डाला गया। प्रशिक्षण शिविर में उपजिलाधिकारी ब्रजमोहन शुक्ला, तहसीलदार अखिलेश कुमार मौर्य, खंड शिक्षा अधिकारी संजय कुमार भी मौजूद रहे। उपजिलाधिकारी श्री शुक्ला ने बताया कि जनगणना एक आवश्यक राष्ट्रीय कार्य है।
जिसके आंकड़े देश और प्रदेश की विकास योजनाएं निर्मित करने में सहायक होते हैं। तहसीलदार ने जानकारी दी कि सभी नागरिक दिनाँक 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक स्व- गणना एवं दिनाँक 01 दिसंबर 2026 से दिनाँक 4 जनवरी 2027 तक घर-घर गणना करा सकते हैं। खंड शिक्षा अधिकारी ने सभी कार्मिकों को गम्भीरता से जनगणना प्रशिक्षण लेने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा जनगणना के सही आंकड़े इकट्ठा करने का राष्ट्रीय अभियान है। इस अवसर पर स्कूल के बच्चों द्वारा भी उपस्थित अधिकारियों से जनगणना से संबंधित विभिन्न प्रकार के सवाल किए गए। अंत में उपजिलाधिकारी द्वारा बच्चों को पुरस्कृत भी किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रबंधक रिज़वान अहमद के साथ सभी शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी उपस्थित रहे।
