जेलेंस्की के गृहनगर पर रूस का भीषण ड्रोन हमला, शॉपिंग मॉल में मची तबाही; 14 की मौत, 121 घायल

क्रिवी रिह: यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की के गृहनगर क्रिवी रिह में रूस ने शॉपिंग मॉल को निशाना बनाकर बड़ा ड्रोन हमला किया। शुक्रवार को हुए इस हमले में 14 लोगों की मौत हो गई, जबकि 121 लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों में 22 बच्चे भी शामिल हैं। हमले के बाद इलाके में राहत और बचाव अभियान चलाया गया।

शॉपिंग मॉल पर दो बार हुआ ड्रोन हमला

स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक, रूसी ड्रोन का पहला जत्था शॉपिंग सेंटर पर पहुंचा और वहां आग लग गई। इसके करीब आधे घंटे बाद ड्रोन का दूसरा हमला हुआ। बताया जा रहा है कि इस दौरान बचावकर्मी और आपातकालीन सेवाओं से जुड़े लोग राहत अभियान में जुटे थे। इसी वजह से इस हमले को डबल-टैप स्ट्राइक बताया जा रहा है।

जेलेंस्की ने रूस पर बोला हमला

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने हमले की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि क्रिवी रिह में शॉपिंग सेंटर को निशाना बनाकर रूस ने बेहद बेरहम हमला किया। उनके मुताबिक, पहले हमले और आग लगने के करीब आधे घंटे बाद दूसरा हमला किया गया और इसमें आपातकालीन सेवाओं के कर्मचारियों को भी निशाना बनाया गया।

जेलेंस्की ने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए कहा कि सभी घायलों को जरूरी चिकित्सा सहायता दी जा रही है। उन्होंने इस तरह के हमलों को आतंकवादी घटनाओं से कम नहीं बताया और कहा कि रूस को अपनी कार्रवाई के लिए जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए।

14 लोगों की मौत, 121 घायल

स्थानीय प्रशासन के प्रमुख ओलेक्सांद्र विल्कुल ने बताया कि हमले में मृतकों की संख्या 14 हो गई है। उन्होंने बताया कि 121 लोग घायल हुए हैं, जिनमें 22 बच्चे भी शामिल हैं। अधिकारियों के मुताबिक, घटनास्थल पर बचाव अभियान जारी है और प्रभावित इलाके में राहत कार्य किया जा रहा है।

पहले भी कई बार निशाना बन चुका है क्रिवी रिह

क्रिवी रिह शहर रूस-यूक्रेन युद्ध के दौरान कई बार हमलों का सामना कर चुका है। अप्रैल 2025 में हुए एक हमले को शहर पर हुए सबसे घातक हमलों में शामिल किया गया था। उस हमले में 9 बच्चों समेत 20 लोगों की मौत हुई थी।

शुक्रवार का हमला यूक्रेन की राजधानी कीव पर रूस की ओर से की गई रात की एयरस्ट्राइक के करीब 24 घंटे बाद हुआ। कीव पर हुए हमले में मिसाइलों और ड्रोन का इस्तेमाल किया गया था और कम से कम 16 लोगों की मौत हुई थी।

Related posts