मथुरा: रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के कार्यकारी निदेशक अनंत अंबानी शुक्रवार को मथुरा के गोवर्धन पहुंचे। यहां उन्होंने जतिपुरा स्थित गिरिराज जी मुखारविंद मंदिर में पूजा-अर्चना की और गोवर्धन पर्वत की परिक्रमा पूरी की। इस दौरान वह श्रद्धालुओं के बीच भजन-कीर्तन में शामिल हुए और कृष्ण भक्ति में लीन नजर आए।
मथुरा के द्वारकेश संस्कृत विद्यालय के प्रधानाचार्य सहदेव कृष्ण चतुर्वेदी के मुताबिक, अनंत अंबानी ने गिरिराज जी मंदिर में पूजा की। इस दौरान उन्हें पारंपरिक दुपट्टा भेंट किया गया।
पत्रकारों से बातचीत में अनंत अंबानी ने कहा कि गोवर्धन की परिक्रमा करने और भगवान के चरणों में दंडवत परिक्रमा करने की उनकी इच्छा बचपन से रही है। उन्होंने यहां आने पर खुशी जताते हुए ब्रजवासियों का आभार भी व्यक्त किया।
श्रद्धालुओं के साथ भजन-कीर्तन में शामिल हुए
गोवर्धन परिक्रमा के दौरान अनंत अंबानी श्रद्धालुओं के साथ भक्ति के माहौल में शामिल दिखाई दिए। रात के समय मंदिर परिसर और परिक्रमा मार्ग के आसपास बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। इस दौरान अनंत ने श्रद्धालुओं के साथ हाथ उठाकर ‘हरे राम, हरे कृष्ण’ और ‘राधे-राधे’ के जयकारे लगाए।
भगवा रंग के पारंपरिक वस्त्र पहने अनंत अंबानी सुरक्षा घेरे के बीच श्रद्धालुओं के साथ तालियां बजाते और कीर्तन की धुन पर झूमते नजर आए।
दादा-दादी के संस्कार और आशीर्वाद को किया याद
अनंत अंबानी ने अपनी धार्मिक यात्रा के दौरान दादा-दादी धीरूभाई अंबानी और कोकिलाबेन अंबानी के संस्कारों और आशीर्वाद का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि परिवार आज जो कुछ भी है, वह उनके दादा-दादी की वजह से है। उनका स्नेह, मार्गदर्शन और आशीर्वाद हमेशा साथ रहा है।
अनंत ने बताया कि जब उन्होंने अपनी दादी कोकिलाबेन को गोवर्धन की पूरी परिक्रमा करने के बारे में बताया, तो वह बहुत खुश हुई थीं। उन्होंने कहा कि आज उन्होंने अपनी दादी की ओर से भी भगवान की पूजा-अर्चना की।
गोवर्धन की दिव्य ऊर्जा को शब्दों में बयां करना मुश्किल
गोवर्धन पर्वत और ब्रज की आध्यात्मिक भूमि के अनुभव को साझा करते हुए अनंत अंबानी ने कहा कि यहां महसूस हुई दिव्य ऊर्जा को शब्दों में व्यक्त करना मुश्किल है। उनके मुताबिक, मंदिर में भक्ति और आध्यात्मिकता का ऐसा वातावरण था कि दर्शन के दौरान श्रीनाथजी के साक्षात मौजूद होने का एहसास हुआ।
उन्होंने गोवर्धन को अपने परिवार, माता-पिता और सभी वैष्णवों एवं हिंदुओं के लिए बेहद पवित्र स्थल बताते हुए भगवान श्रीकृष्ण से जुड़ी इस भूमि के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।
