मुंबई: देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में मानसून ने जोर पकड़ लिया है। गुरुवार सुबह से हो रही मूसलाधार बारिश ने शहर की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया है। कई इलाकों में सड़कों और रेलवे ट्रैक पर पानी भर जाने से जनजीवन प्रभावित हुआ है, जबकि लोकल ट्रेन सेवाएं भी देरी से संचालित हो रही हैं। मौसम विभाग ने स्थिति को देखते हुए मुंबई समेत आसपास के जिलों के लिए नाउकास्ट रेड अलर्ट जारी किया है।
भारी बारिश और कम दृश्यता के कारण मुंबई की जीवनरेखा मानी जाने वाली लोकल ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ है। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, सेंट्रल रेलवे की मेन लाइन और हार्बर लाइन पर ट्रेनें निर्धारित समय से 5 से 10 मिनट की देरी से चल रही हैं। कम दृश्यता और ट्रैक पर पानी जमा होने की वजह से ट्रेनों की गति भी कम रखी गई है।
कई इलाकों में जलभराव से बढ़ी परेशानी
लगातार बारिश के चलते शहर के कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है। अंधेरी, कुर्ला पूर्व, एसजी बर्वे रोड, सिंधी सोसाइटी, चेंबूर, किंग्स सर्कल और गांधी मार्केट समेत कई क्षेत्रों में सड़कों पर पानी भर गया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ और लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
दादर स्टेशन समेत कई रेलवे ट्रैक पर भी पानी जमा होने की तस्वीरें सामने आई हैं, जिससे यात्रियों की परेशानी और बढ़ गई है।
मुंबई समेत चार जिलों के लिए रेड अलर्ट
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने मुंबई, ठाणे, पालघर और रायगढ़ जिलों के लिए नाउकास्ट रेड अलर्ट जारी किया है। विभाग ने अगले कुछ घंटों के दौरान कई इलाकों में मध्यम से तेज बारिश और कुछ स्थानों पर अत्यधिक वर्षा की संभावना जताई है।
मौसम विभाग ने नागरिकों को जलभराव वाले क्षेत्रों में जाने से बचने, कमजोर संरचनाओं से दूर रहने और पेड़ों तथा बिजली के खंभों के आसपास सतर्कता बरतने की सलाह दी है।
24 घंटे में कई इलाकों में रिकॉर्ड बारिश
पिछले 24 घंटों के दौरान मुंबई और उसके उपनगरों में भारी बारिश दर्ज की गई। पूर्वी उपनगरों में मुलुंड स्थित मीठागर म्युनिसिपल स्कूल क्षेत्र में सबसे अधिक 230.8 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा मानखुर्द फायर स्टेशन में 228.6 मिलीमीटर और एस वार्ड कार्यालय क्षेत्र में 227 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई।
शहर के एफ साउथ वार्ड क्षेत्र में 223.8 मिलीमीटर, जी साउथ वार्ड में 208.2 मिलीमीटर और वडाला के बी नाडकर्णी पार्क इलाके में 206.2 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।
वहीं पश्चिमी उपनगरों में सांताक्रूज वर्कशॉप क्षेत्र में 223.4 मिलीमीटर, नारियलवाड़ी स्कूल क्षेत्र में 222.2 मिलीमीटर और अंधेरी फायर स्टेशन इलाके में 213.2 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई।
अभी जारी रह सकता है बारिश का दौर
मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले घंटों में मुंबई और आसपास के इलाकों में बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं। ऐसे में प्रशासन ने आपदा प्रबंधन टीमों को सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए हैं।
