शेयर बाजार में दबाव बरकरार! सेंसेक्स-निफ्टी लाल निशान में, बिकवाली के बीच IT शेयरों ने संभाला मोर्चा

मुंबई: भारतीय शेयर बाजार में गुरुवार को कारोबार की शुरुआत हल्की कमजोरी के साथ हुई। शुरुआती सत्र में मुनाफावसूली और बिकवाली के दबाव के चलते सेंसेक्स और निफ्टी दोनों लाल निशान में कारोबार करते नजर आए। हालांकि, आईटी सेक्टर के शेयरों में मजबूत खरीदारी ने बाजार को कुछ हद तक सहारा दिया।

सेंसेक्स और निफ्टी में शुरुआती गिरावट

शुरुआती कारोबार में बीएसई सेंसेक्स 146.02 अंक यानी 0.19 प्रतिशत की गिरावट के साथ 77,508.58 के स्तर पर पहुंच गया। वहीं, एनएसई निफ्टी 50 भी 36.85 अंक यानी 0.15 प्रतिशत फिसलकर 24,213.35 पर कारोबार करता दिखा।

बाजार के शुरुआती आंकड़ों के अनुसार करीब 950 शेयरों में तेजी रही, जबकि 1,275 शेयर गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे। वहीं, 163 शेयरों में कोई खास बदलाव नहीं देखा गया।

आईटी सेक्टर ने दिखाई मजबूती

बाजार में दबाव के बावजूद आईटी कंपनियों के शेयरों में अच्छी खरीदारी देखने को मिली। इंफोसिस करीब 2.45 प्रतिशत की बढ़त के साथ 1,183.90 रुपये पर कारोबार करता दिखा। विप्रो में 2.29 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई और इसका शेयर 187.82 रुपये तक पहुंच गया।

टेक महिंद्रा लगभग 1.75 प्रतिशत चढ़कर 1,672.90 रुपये पर कारोबार कर रहा था। एचसीएल टेक और टीसीएस में भी क्रमशः 1.39 प्रतिशत और 1.29 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई। इसके अलावा ओएनजीसी, हिंडाल्को, नेस्ले इंडिया और बजाज ऑटो के शेयरों में भी मजबूती देखने को मिली।

इन शेयरों पर रहा सबसे ज्यादा दबाव

सीमेंट, उपभोक्ता और विमानन क्षेत्र के शेयरों में बिकवाली का असर साफ दिखाई दिया। एशियन पेंट्स लगभग 3.13 प्रतिशत टूटकर 2,672.20 रुपये पर पहुंच गया और सबसे ज्यादा गिरने वाले शेयरों में शामिल रहा।

अडानी पोर्ट्स में 2.80 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई, जबकि इटरनल का शेयर 1.75 प्रतिशत कमजोर हुआ। इंटरग्लोब एविएशन (इंडिगो) के शेयर में भी करीब 1.09 प्रतिशत की गिरावट रही। इसके अलावा अल्ट्राटेक सीमेंट, आईसीआईसीआई बैंक और जियो फाइनेंस के शेयरों में भी नरमी दर्ज की गई।

बाजार पर मुनाफावसूली का असर

कारोबार की शुरुआत में निवेशकों की ओर से मुनाफावसूली देखने को मिली, जिससे प्रमुख सूचकांकों पर दबाव बना रहा। हालांकि, आईटी सेक्टर में जारी खरीदारी ने बाजार की गिरावट को सीमित रखने में अहम भूमिका निभाई।

 

Related posts